Breaking News

संसद सत्र शुरू होने से पहले राजनाथ के दफ्तर में NDA के मंत्रियों की अहम बैठक हुई     |   आंध्र प्रदेश: 7 कोविड केस मिले, एक की मौत, RIMS अस्पताल में अलग वार्ड बनाया गया     |   कोरोना को लेकर इस जिले में हड़कंप... मिले 7 मरीज, बनाया गया आइसोलेशन वार्ड     |   वीजा सर्विस: प्राइवेट फर्मों का टेंडर रद्द वाले HC के फैसले को केंद्र ने SC में दी चुनौती     |   हरियाणा: ‘जींद का घेवर वही है, लेकिन तेवर बदल गए हैं’, रैली में बोले पीएम मोदी     |  

पार्टी निर्देशों का पालन नहीं करने पर नेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी : तेलंगाना मुख्यमंत्री

हैदराबाद, 24 जून (भाषा) तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने बुधवार को चेतावनी दी कि यदि एसआईआर अभियान के क्रियान्वयन के दौरान कोई नेता पार्टी के निर्देशों का पालन नहीं करता पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर पार्टी नेताओं के साथ आयोजित ज़ूम बैठक में भाग लेते हुए मंत्रियों, विधायकों, सांसदों और विधानसभा क्षेत्र प्रभारियों को चुनावी प्रक्रिया के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। यह निर्देश मतदाता सूची से वास्तविक मतदाताओं के नाम हटाए जाने की संभावित शिकायतों को देखते हुए दिए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा, 'एसआईआर का मुद्दा बेहद गंभीर है। कुछ नेता एसआईआर को लेकर लापरवाही बरत रहे हैं।' उन्होंने कहा कि जब पार्टी को नुकसान हो रहा हो, तब वह मूकदर्शक बनकर नहीं बैठे रहेंगे।

उन्होंने कहा कि उन्हें एसआईआर जागरूकता बैठकों को लेकर जिला-वार रिपोर्ट पहले ही प्राप्त हो चुकी हैं।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने नेताओं को एसआईआर को लेकर अधिक से अधिक जागरूकता बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए और इन बैठकों को सफल बनाने के लिए प्रभारी मंत्रियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीबों के मतदान अधिकारों की रक्षा की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि गरीब अपने वोट का अधिकार खो देते हैं, तो वे अपने आधार और राशन कार्ड भी खो सकते हैं।

रेवंत रेड्डी ने कहा कि यदि प्रभारी पार्टी के निर्देशों का पालन करने में विफल रहते हैं, तो उनकी जगह नए प्रभारियों की नियुक्ति की जाएगी।

उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक वास्तविक मतदाता के वोट की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, मतदाता अधिकारों की बहाली के लिए आवश्यक दस्तावेज जमा कराए जाएं और अंत में पार्टी कार्यकर्ताओं तथा निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए।

उन्होंने कहा, 'हम किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेंगे। हम पिछले 10 दिनों से प्रभारियों के कामकाज पर नजर रखे हुए हैं।'

मुख्यमंत्री ने पार्टी के सरपंचों से भी गांवों में लोगों के बीच जागरूकता फैलाने की अपील की।

भाषा तान्या वैभव

वैभव