नयी दिल्ली, 17 जून (भाषा) ‘भाषा’ की विभिन्न फाइल से बृहस्पतिवार को रात नौ बजे तक जारी मुख्य समाचार इस प्रकार हैं:-
दि31: शिवसेना (उबाठा) दूसरी लीड बैठक
शिवसेना (उबाठा) के छह सांसद पार्टी बैठक में शामिल नहीं हुए
नयी दिल्ली: शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नौ लोकसभा सदस्यों में से छह बृहस्पतिवार को यहां उसके संसदीय दल की बैठक में शामिल नहीं हुए जिससे पार्टी में विभाजन के संकेत स्पष्ट हो गए और अनुपस्थित सांसदों के एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल होने की संभावनाएं प्रबल हो गईं।
प्रादे181: झारखंड राज्यसभा चुनाव लीड परिणाम
झारखंड में राज्यसभा चुनाव में हुई ‘क्रॉस वोटिंग’, राजग समर्थित उम्मीदवार को मिली जीत रांची: झारखंड में बृहस्पतिवार को राज्यसभा की दो सीटों के लिए हुए चुनाव में एक सीट पर ‘क्रॉस-वोटिंग’ के बीच राजग समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी ने कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा को हरा दिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
दि39: नीट प्रधान लीड तैयारी
प्रधान ने नीट तैयारियों की समीक्षा की, शुचिता और पारदर्शिता पर जोर
नयी दिल्ली: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने चिकित्सा के स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए 21 जून को दोबारा आयोजित की जा रही राष्ट्रीय पात्रता व प्रवेश परीक्षा (नीट) की तैयारियों का जायजा लेने के बृहस्पतिवार को शिक्षा मंत्रालय, राज्य सरकारों, नेशनल परीक्षा एजेंसी (एनटीए) और उच्च शिक्षा संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्च-स्तरीय बैठक की।
वि29: पाकिस्तान ईरान तीसरी लीड समझौता
मध्यस्थ पाकिस्तान ने अमेरिका-ईरान शांति समझौते पर हस्ताक्षर किये
इस्लामाबाद: 18 जून (भाषा) पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने पश्चिम एशिया में शांति बहाल करने के उद्देश्य से तैयार ‘इस्लामाबाद समझौता ज्ञापन’ (इस्लामाबाद एमओयू) पर बृहस्पतिवार को हस्ताक्षर कर दिए।
दि63: दिल्ली अदालत लीड टेलीग्राम
टेलीग्राम के 15 करोड़ उपयोकर्ताओं के अधिकारों में कैसे कटौती की जा सकती है : अदालत का केंद्र से सवाल
नयी दिल्ली: दिल्ली उच्च न्यायालय ने 21 जून को दोबारा आयोजित की जा रही नीट-यूजी 2026 से पहले टेलीग्राम पर लगाई गई अस्थायी रोक के खिलाफ दाखिल याचिका पर बृहस्पतिवार को सुनवाई करते हुए केंद्र के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि केवल इसलिए कि कुछ उपयोकर्ता परीक्षा दे रहे हैं,मैसेजिंग ऐप के 15 करोड़ उपयोगकर्ताओं के अधिकारों को कैसे सीमित किया जा सकता है?
प्रादे204: उप्र अयोध्या एसआईटी
राम मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन की जांच कर रही एसआईटी ने अनिल मिश्रा से पूछताछ की
अयोध्या: राम मंदिर में दान और चढ़ावे के कथित गबन की जांच कर रहे विशेष जांच दल (एसआईटी) ने बृहस्पतिवार को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा से दान राशि की गिनती और इस प्रक्रिया से जुड़े कर्मचारियों की नियुक्ति के सिलसिले में पूछताछ की।
प्रादे202: झारखंड आरएसएस हमला दूसरीलीड गिरफ्तार
झारखंड: रांची में आरएसएस कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने के आरोप में तीन लोग गिरफ्तार
रांची/जमशेदपुर: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के रांची कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठनों से जुड़े होने का संदेह है। पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
प्रादे211: बंगाल टीएमसी दूसरीलीड बैंक खाते
नेतृत्व विवाद के बीच तृणमूल नेता अरूप बिस्वास ने पार्टी के बैंक खातों पर रोक लगाने की मांग की
कोलकाता: तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) में जारी संकट बृहस्पतिवार को और गहरा गया जब ‘पार्टी कोषाध्यक्ष’ अरूप बिस्वास ने एक बैंक को पत्र लिखकर पार्टी के खातों के संचालन पर प्रतिबंध लगाने की मांग की। उन्होंने इसके लिए पार्टी के वैध नेतृत्व को लेकर अनिश्चितता और विधायकों तथा सांसदों की बगावत का हवाला दिया है।
अर्थ85: कर संग्रह
शुद्ध आयकर संग्रह 17 जून तक 15 प्रतिशत बढ़कर 5.21 लाख करोड़ रुपये के पार
नयी दिल्ली: चालू वित्त वर्ष में एक अप्रैल से 17 जून के दौरान शुद्ध आयकर संग्रह 14.64 प्रतिशत बढ़कर 5.21 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया। सरकारी आंकड़ों में बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी गई।
दि52: दिल्ली लीड साइबर धोखाधड़ी
पूर्व प्रधानमंत्री के बेटे से 7.8 करोड़ रुपये की ऑनलाइन ठगी, पुलिस ने चार करोड़ रुपये ‘फ्रीज’ कराए
नयी दिल्ली: साइबर जालसाज़ों ने राज्यसभा के पूर्व सदस्य नरेश गुजराल की पहचान का इस्तेमाल कर ऑनलाइन ‘मैसेजिंग एप्लिकेशन’ के माध्यम से उनकी कंपनी के वित्तीय कर्मचारियों से 7.8 करोड़ रुपये की ठगी कर ली। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
प्रादे182: पंजाब लीड वीडियो मान आप
फॉरेंसिक रिपोर्ट से पता चला कि आपत्तिजनक वीडियो में दिख रहा व्यक्ति मुख्यमंत्री मान नहीं : ‘आप’
चंडीगढ़: एक कथित आपत्तिजनक वीडियो को लेकर अकाल तख्त द्वारा मुख्यमंत्री भगवंत मान को ‘गुरु दोखी’ घोषित किए जाने के कुछ दिन बाद आम आदमी पार्टी (आप) की पंजाब इकाई ने बृहस्पतिवार को कहा कि दो प्रयोगशालाओं की फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट से पता चला कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति मान नहीं, बल्कि कोई और है।
दि58: सीबीआई बंगाल बैंक धोखाधड़ी
सीबीआई ने बैंक धोखाधड़ी मामलों में बंगाल में आठ जगह छापे मारे
नयी दिल्ली: केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने पश्चिम बंगाल में तीन अलग-अलग बैंक धोखाधड़ी मामलों में आठ जगहों पर छापेमारी की है। इन मामलों में पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) को कुल मिलाकर 191 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
खेल27: खेल स्नूकर भारत
भारत विश्व टीम स्नूकर चैंपियनशिप के फाइनल में
गुआंगडोंग (चीन): भारत ने बृहस्पतिवार को यहां विश्व टीम स्नूकर चैंपियनशिप में दबदबा बनाते हुए गत चैंपियन हांगकांग चीन को 3-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
भाषा
सुमित माधव
माधव