Breaking News

UP: CM आवाज पर लखनऊ अग्निकांड को लेकर हाई लेवल मीटिंग, कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद     |   लखनऊ अग्निकांड: मृतकों के परिजनों को ₹5-5 लाख, घायलों को 50-50 हजार देने का ऐलान     |   ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन 23 जून को पाकिस्तान का दौरा करेंगे     |   ब्रिटेन: एंडी बर्नहैम ने लेबर पार्टी नेता और PM पद की दौड़ में उतरने का ऐलान किया     |   यूक्रेनी ड्रोन ने रूस के वोरोनिश इलाके में स्बोर्का सेमीकंडक्टर प्लांट पर हमला किया     |  

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ओंकारेश्वर पहुंचीं, भगवान शिव के ज्योतिर्लिंग के दर्शन और अभिषेक किया

ओंकारेश्वर, 18 जून (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मध्यप्रदेश के खंडवा जिले की धार्मिक नगरी ओंकारेश्वर में बृहस्पतिवार को भगवान शिव के ज्योतिर्लिंग के दर्शन और अभिषेक किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि मुर्मू नर्मदा नदी के तट पर स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में करीब 10 मिनट तक रहीं। इस दौरान मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगू भाई पटेल भी उनके साथ थे।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति ने इस धार्मिक नगरी के ममलेश्वर मंदिर में भी पूजा-अर्चना की।

अधिकारियों के अनुसार ममलेश्वर मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश से पहले, मुर्मू ने नंदी की प्रतिमा पर बेलपत्र अर्पित किए। इसके बाद गर्भगृह में पुजारियों ने वैदिक पद्धति के तहत मंत्रोच्चार के बीच उनसे भगवान शिव का अभिषेक और पूजन कराया।

हिंदू धार्मिक मान्यताओं के अनुसार ओंकारेश्वर के दर्शन तब तक पूर्ण नहीं माने जाते, जब तक ममलेश्वर के दर्शन भी न कर लिए जाएं।

नर्मदा नदी के एक तट पर ओंकारेश्वर मंदिर और सामने वाले तट पर ममलेश्वर मंदिर स्थित है।

ममलेश्वर मंदिर में दर्शन के बाद खंडवा के जिलाधिकारी ऋषव गुप्ता ने राष्ट्रपति मुर्मू को स्मृति चिह्न भेंट किया। स्थानीय लोकसभा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने उन्हें स्मृति चिह्न के रूप में शिवलिंग, शंख और ओंकारेश्वर तीर्थ का छायाचित्र भेंट किया।

राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर ओंकारेश्वर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

भाषा हर्ष शफीक

शफीक