Breaking News

UP: CM आवाज पर लखनऊ अग्निकांड को लेकर हाई लेवल मीटिंग, कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद     |   लखनऊ अग्निकांड: मृतकों के परिजनों को ₹5-5 लाख, घायलों को 50-50 हजार देने का ऐलान     |   ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन 23 जून को पाकिस्तान का दौरा करेंगे     |   ब्रिटेन: एंडी बर्नहैम ने लेबर पार्टी नेता और PM पद की दौड़ में उतरने का ऐलान किया     |   यूक्रेनी ड्रोन ने रूस के वोरोनिश इलाके में स्बोर्का सेमीकंडक्टर प्लांट पर हमला किया     |  

अमित शाह 21 जून को अहमदाबाद में योग दिवस कार्यक्रम में भाग लेंगे

अहमदाबाद, 18 जून (भाषा) गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने बृहस्पतिवार को कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 21 जून को अहमदाबाद में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में भाग लेंगे।

संघवी ने बताया कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल गांधीनगर के मनसा में राज्यस्तरीय योग कार्यक्रम में शामिल होंगे, जिसमें 4,000 से अधिक लोग भाग लेंगे।

उन्होंने बताया कि इस साल के योग दिवस का मुख्य विषय ‘‘बढ़ती उम्र में योग से रहें निरोग’’ है और इसके तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं।

संघवी ने कहा, ‘‘केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अहमदाबाद में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे।’’

उनके अनुसार, योग दिवस पर राज्य भर से 1.25 करोड़ से अधिक लोग योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण में हिस्सा लेंगे।

उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारियों, नगर आयुक्तों और सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर कई समितियां काम कर रही हैं।

संघवी ने बताया कि गुजरात में 14 से 20 जून तक ‘योग सप्ताह’ मनाया जा रहा है और समाज के विभिन्न वर्गों - जैसे सफाई कर्मियों, महिलाओं, बुजुर्गों और किसानों - के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इनमें से 10 कार्यक्रम पहले ही पूरे हो चुके हैं, जबकि शेष दो अगले दो दिनों में आयोजित किये जाएंगे।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तक, राज्यभर में स्कूलों, कॉलेजों, निजी कंपनियों के दफ्तरों, उद्योगों, उद्यानों और सार्वजनिक स्थानों पर लगभग 24,000 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इसके अलावा, सभी 17 नगर निगमों, 33 जिलों के सभी तालुकों, नगर पालिकाओं और ग्रामीण इलाकों में एक साथ सामूहिक योग सत्र आयोजित किए जाएंगे।

संघवी ने कहा कि बृहस्पतिवार सुबह गांधीनगर की गिफ्ट सिटी में 5,000 से अधिक लोगों ने बड़े पैमाने पर आयोजित योग सत्र में उत्साह के साथ भाग लिया।

भाषा सुभाष नेत्रपाल

नेत्रपाल