Breaking News

UP: CM आवाज पर लखनऊ अग्निकांड को लेकर हाई लेवल मीटिंग, कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद     |   लखनऊ अग्निकांड: मृतकों के परिजनों को ₹5-5 लाख, घायलों को 50-50 हजार देने का ऐलान     |   ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन 23 जून को पाकिस्तान का दौरा करेंगे     |   ब्रिटेन: एंडी बर्नहैम ने लेबर पार्टी नेता और PM पद की दौड़ में उतरने का ऐलान किया     |   यूक्रेनी ड्रोन ने रूस के वोरोनिश इलाके में स्बोर्का सेमीकंडक्टर प्लांट पर हमला किया     |  

एचडीएफसी बैंक के अंतरिम चेयरमैन केकी मिस्त्री का कार्यकाल तीन महीने बढ़ा

नयी दिल्ली, 18 जून (भाषा) भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने एचडीएफसी बैंक के अंतरिम चेयरमैन के रूप में केकी मिस्त्री के कार्यकाल को तीन महीने तक बढ़ाने की मंजूरी दे दी है। एचडीएफसी बैंक ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

उनका कार्यकाल 18 सितंबर तक रहेगा।

बैंक के गैर-कार्यकारी चेयरमैन अतनु चक्रवर्ती के अपने पद से इस्तीफा देने के बाद 18 मार्च को मिस्त्री को अंतरिम चेयरमैन नियुक्त किया गया था। चक्रवर्ती ने कामकाज को लेकर चिंता का हवाला देते हुए इस्तीफा दिया था और कहा था कि पिछले दो वर्षों में बैंक की कुछ प्रक्रियाएं उनकी “व्यक्तिगत मूल्यों और नैतिकता” के अनुरूप नहीं थीं।

एचडीएफसी बैंक ने 18 जून को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि उसने आरबीआई से मिस्त्री के कार्यकाल विस्तार का अनुरोध किया था।

बैंक ने कहा, “आरबीआई ने बैंक के आवेदन पर 18 जून, 2026 को प्राप्त संचार के माध्यम से यह मंजूरी दी है। इसके अनुसार मिस्त्री का कार्यकाल 18 सितंबर, 2026 तक या नियमित चेयरमैन की नियुक्ति तक, जो भी पहले हो, प्रभावी रहेगा।’’

बैंक ने यह भी बताया कि उसके निदेशक मंडल ने बैंक की 32वीं वार्षिक आम बैठक (एजीएम) पांच अगस्त को आयोजित करने को मंजूरी दी है। इस एजीएम में 31 मार्च, 2026 को समाप्त वित्त वर्ष के लिए 13 रुपये प्रति इक्विटी शेयर के लाभांश भुगतान को भी मंजूरी दी जाएगी।

मिस्त्री, एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड, एचडीएफसी एर्गो जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज लिमिटेड, एचडीएफसी कैपिटल एडवाइजर्स लिमिटेड, द ग्रेट ईस्टर्न शिपिंग कंपनी लिमिटेड, केएटीबी कंसल्टेंट प्राइवेट लिमिटेड, ब्रूकप्रॉप मैनेजमेंट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड और फ्लिपकार्ट इंटरनेट प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक मंडल में भी सदस्य हैं।

एक जुलाई, 2023 से बैंक के साथ विलय होने से पहले, वह हाउसिंग डेवलपमेंट फाइनेंस कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचडीएफसी लिमिटेड) के वाइस चेयरमैन और मुख्य कार्यपालक अधिकारी थे।

भाषा यासिर अजय

अजय