Breaking News

UP: CM आवाज पर लखनऊ अग्निकांड को लेकर हाई लेवल मीटिंग, कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद     |   लखनऊ अग्निकांड: मृतकों के परिजनों को ₹5-5 लाख, घायलों को 50-50 हजार देने का ऐलान     |   ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन 23 जून को पाकिस्तान का दौरा करेंगे     |   ब्रिटेन: एंडी बर्नहैम ने लेबर पार्टी नेता और PM पद की दौड़ में उतरने का ऐलान किया     |   यूक्रेनी ड्रोन ने रूस के वोरोनिश इलाके में स्बोर्का सेमीकंडक्टर प्लांट पर हमला किया     |  

ओडिशा के 20 जिलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद विद्यालय खुले

भुवनेश्वर, 18 जून (भाषा) ओडिशा के 30 में से 20 जिलों में डेढ़ महीने से अधिक के ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद बृहस्पतिवार को विद्यालय फिर से खुल गए, जबकि प्राधिकारियों ने लू की स्थिति को देखते हुए 10 जिलों में छुट्टियां बढा दी हैं।

अधिकारियों ने बताया कि बलांगीर, सोनपुर, गंजाम, अनुगुल, देवगढ़, बौध, झारसुगुड़ा, बरगढ़, संबलपुर और सुंदरगढ़ जिलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश 20 जून तक बढ़ा दिया गया है।

उन्होंने बताया कि भीषण गर्मी को देखते हुए नुआपाड़ा जिले में सुबह 6.30 बजे से 11.30 बजे तक की विद्यालयों का संचालन शुरू किया गया।

प्रदेश के खुर्दा जिले और पड़ोसी कटक समेत शेष जिलों में सरकारी और निजी दोनों तरह के विद्यालय खुल गए हैं।

कक्षाएं फिर से शुरू होने पर शिक्षकों और विद्यालय के कर्मचारियों ने प्रवेश द्वारों पर छात्रों का स्वागत किया। सरकारी विद्यालय सुबह 10 बजे खुले और दोपहर के भोजन के अवकाश के साथ शाम चार बजे तक संचालित होंगे।

कुछ छात्रों ने दिन के समय गर्म और उमस भरे मौसम का हवाला देते हुए विद्यालय खुलने पर असंतोष व्यक्त किया। कक्षा 1 से 8 तक की नयी पाठ्यपुस्तकों में कथित त्रुटियों को लेकर भी चिंता जताई गई।

तापमान में भारी वृद्धि के बाद 27 अप्रैल से राज्य भर के विद्यालय बंद थे।

राज्य सरकार ने जिलाधिकारियों को अपने-अपने जिलों में स्थानीय मौसम की स्थिति के आधार पर विद्यालयों को खोलने या बंद करने का निर्णय लेने के लिए अधिकृत किया है।

भाषा सुमित रंजन

रंजन