Breaking News

UP: CM आवाज पर लखनऊ अग्निकांड को लेकर हाई लेवल मीटिंग, कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद     |   लखनऊ अग्निकांड: मृतकों के परिजनों को ₹5-5 लाख, घायलों को 50-50 हजार देने का ऐलान     |   ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन 23 जून को पाकिस्तान का दौरा करेंगे     |   ब्रिटेन: एंडी बर्नहैम ने लेबर पार्टी नेता और PM पद की दौड़ में उतरने का ऐलान किया     |   यूक्रेनी ड्रोन ने रूस के वोरोनिश इलाके में स्बोर्का सेमीकंडक्टर प्लांट पर हमला किया     |  

मिजोरम में राज्यसभा सीट के लिए मतदान संपन्न, शाम पांच बजे से मतगणना

आइजोल, 18 जून (भाषा) मिजोरम की एकमात्र राज्यसभा सीट के लिए बृहस्पतिवार को चुनाव संपन्न हो गया और मतगणना शाम पांच बजे से शुरू की जाएगी।

चुनाव मैदान में दो उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

सत्तारूढ़ जोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) ने पार्टी प्रवक्ता के. लालतलुआंगकिमा को चुनाव मैदान में उतारा है, जबकि मुख्य विपक्षी दल मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) ने वकील एवं लेखिका जोथानसांगी ह्मार को उम्मीदवार बनाया है।

उन्होंने कहा, ‘‘मतदान के लिए सभी तैयारियां और सुरक्षा इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं। मतों की गिनती विधानसभा भवन में होगी।’’

मुख्यमंत्री लालदुहोमा ने सुबह नौ बजकर 43 मिनट पर अपना वोट डाला और विपक्ष के उस आरोप को खारिज किया कि सत्तारूढ़ जेडपीएम में आंतरिक दरार है, जिससे राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग की आशंका है।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘जेडपीएम में आंतरिक कलह और राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग का आरोप जनता का ध्यान भटकाने की विपक्ष की चाल है। वे शुरू से यही करते आए हैं। कोई क्रॉस वोटिंग नहीं होगी क्योंकि मतदान के दौरान हमारे विधायक एकजुट हैं।’’

लालदुहोमा मतदान में हिस्सा लेने वाले पहले विधायक रहे, उनके बाद बागवानी मंत्री सी. लालसाविवुंगा ने वोट डाला।

मिजोरम की 40 सदस्यीय विधानसभा में जेडपीएम के 27, एमएनएफ के 10, भाजपा के दो और कांग्रेस का एक विधायक है।

एमएनएफ विधायक एवं नेता प्रतिपक्ष लालछंदमा राल्टे ने आरोप लगाया कि जेडपीएम में फूट है। उन्होंने उम्मीद जताई कि एमएनएफ को सत्तारूढ़ दल से एक वोट मिल सकता है।

कांग्रेस विधायक सी. न्गुनलियांचुंगा ने कहा कि उन्होंने पार्टी आलाकमान के निर्देश पर अपना वोट नहीं डाला। भाजपा के मीडिया संयोजक जॉनी लालथानपुइया ने भी कहा कि उनके दोनों विधायकों ने राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान नहीं किया।

भाषा संतोष माधव

माधव