कोच्चि (केरल), 18 जून (भाषा) केरल के एर्नाकुलम जिले के कंजूर में बुधवार रात फुटबॉल प्रेमियों ने बिजली कटौती के खिलाफ अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराया। बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण स्थानीय लोग पुर्तगाल और डीआर कांगो के बीच विश्व कप मुकाबला देखने के लिए केरल राज्य विद्युत बोर्ड (केएसईबी) के स्थानीय कार्यालय पहुंच गए और वहां बैठकर मोबाइल फोन पर मैच देखा।
टीवी चैनल पर प्रसारित दृश्यों में युवा प्रदर्शनकारी केएसईबी कार्यालय के भीतर बैठकर मोबाइल पर मैच देखते हुए दिखाई दिए। इस दौरान वे वहां मौजूद कर्मचारी को भी अपने साथ बैठकर मैच देखने का आमंत्रित करते सुने गए।
प्रदर्शनकारियों ने कहा, “जब लोग अपने घरों में टीवी पर फुटबॉल देख रहे होते हैं, तब बिजली क्यों काटी जाती है? पूरे केरल में लोग वर्ल्ड कप देख रहे हैं, ऐसे समय में लोड शेडिंग की क्या जरूरत है?”
इसके बाद क्रिस्टियानो रोनाल्डो के समर्थक युवकों के एक समूह स्थानीय केरल राज्य विद्युत बोर्ड (केएसईबी) के फील्ड कार्यालय में बैठकर मोबाइल फोन पर मैच देखने के बाद चेतावनी दी कि यदि बिजली कटौती जारी रही तो वे रोज इसी तरह विरोध दर्ज कराते हुए केएसईबी कार्यालय में आकर मैच देखेंगे।
कंजूर के केएसईबी क्षेत्रीय कार्यालय के एक अधिकारी ने पुष्टि की कि वहां विरोध प्रदर्शन हुआ, लेकिन कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। केएसईबी के अधिकारियों ने इस मामले पर और कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
उल्लेखनीय है कि केएसईबी ने बुधवार को कहा था कि देशभर में बिजली की बढ़ती मांग और आपूर्ति में कमी के कारण केरल में 30 जून तक शाम 6 बजे से मध्यरात्रि के बीच सीमित बिजली कटौती करनी पड़ सकती है।
भाषा मनीषा अमित
अमित