Breaking News

भारतीय दूतावास ने भारतीयों से ईरान की गैर-जरूरी यात्रा से बचने को कहा     |   सेंसेक्स 187 अंक चढ़कर 76,388.31 पर पहुंचा, निफ्टी 57 अंक बढ़कर 23,878.85 पर     |   लखनऊ अग्निकांड: एलडीए की जांच में 18 अधिकारी और इंजीनियर दोषी पाए गए     |   भरत तिवारी एनकाउंटर: जगदीशपुर SDPO राजेश वर्मा को हटाया गया     |   मुंद्रा पोर्ट 3000 किलो ड्रग्स केस: ED ने हरप्रीत तलवार के पांच ठिकानों पर छापे मारे     |  

सर्पदंश से गर्भवती महिला की मौत, परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए चिकित्सक की पिटाई की

मलकानगिरी (ओडिशा), 17 जून (भाषा) मलकानगिरी के जिला अस्पताल में सर्पदंश से गर्भवती महिला की मौत के बाद परिजनों ने चिकित्सक पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए उसकी पिटाई कर दी। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

मलकानगिरी के मुख्य जिला चिकित्सा अधिकारी (सीडीएमओ) निहार रंजन प्रहराज ने इन आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि मरीज का उपचार निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार किया गया था।

उन्होंने बताया कि आठ माह की गर्भवती वंदना मंडल (28) को सर्पदंश के बाद मंगलवार रात अस्पताल लाया गया था, जहां उसे विषरोधी इंजेक्शन दिया गया और बाद में वह घर लौट गई थीं।

हालांकि, बाद में उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे दोबारा अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक सिद्धार्थ भोल पर कथित तौर पर हमला कर दिया।

परिजनों ने आरोप लगाया कि महिला को पूरी तरह ठीक होने से पहले ही अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी।

घटना के बाद पुलिस को मौके पर बुलाया गया। ग्रामीणों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

सीडीएमओ ने कहा कि हम महिला की मौत से दुखी हैं, लेकिन उसे उचित इलाज दिया गया था। आरोपों की सच्चाई की जांच की जाएगी।

भाषा प्रचेता प्रशांत

प्रशांत