अलीगढ़ (उप्र), 17 जून (भाषा) नगर के सिविल लाइंस थाना अंतर्गत मैरिस रोड पर हरिओम नगर कॉलोनी में खेल के सामान के एक प्रतिष्ठित व्यापारी के दो मंजिला बंगले में बुधवार को आग लगने के बाद दम घुटने से उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
मृतक की पहचान सुभाष कालरा (80) के रूप में हुई है। वह शहर में खेल के सामान के कई रिटेल स्टोर के मालिक थे।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार सिंह ने कहा कि यह आग शाम करीब आठ बजे लगी जिसके बाद दमकल गाड़ियों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। हालांकि, आग लगने से अपने शयनकक्ष में फंसे कालरा बचाव टीम के पहुंचने से पहले ही बेहोश हो गए थे। उन्हें जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अधिकारियों ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि एसी की लाइन में शॉर्ट सर्किट होने के चलते आग लगी होगी।
कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि एसी का कंप्रेसर फटने के बाद आग की लपटें उठनी शुरू हुईं। हालांकि आग लगने का वास्तविक कारण पता लगाया जाना बाकी है।
घटना के समय कालरा के दो बेटे और बहन भी मकान में मौजूद थे। हालांकि वे किसी तरह सुरक्षित निकलने में कामयाब हुए और उन्हें कोई चोट नहीं लगी।
पुलिस ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और घटना की जांच जारी है।
भाषा सं राजेंद्र सुरभि
सुरभि