Breaking News

भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज     |   लखनऊ अग्निकांड मामले में SIT की जांच शुरू     |   राजस्थान के 19 जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट     |   लखनऊ अग्निकांड: सभी आरोपियों को जेल भेजा गया     |   CUET UG के नतीजे घोषित     |  

सुरक्षा जांच के तहत दिल्ली में 28 संपत्तियों का निरीक्षण, एमसीडी ने भी की कार्रवाई

नयी दिल्ली, 17 जून (भाषा) भवन उप-नियमों और अग्निशमन सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की जांच के लिए दिल्ली सरकार के अधिकारियों ने बुधवार को शहर भर में इमारतों और वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस अभियान के तहत आज 28 स्थलों की जांच की गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

इसके अलावा, दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने बताया कि उसने 26 संपत्तियों पर तोड़फोड़ की कार्रवाई की और 16 संपत्तियों को सील कर दिया।

निगम ने अवैध निर्माण को लेकर 25 कारण बताओ नोटिस, 12 सीलिंग नोटिस और 13 तोड़फोड़ के आदेश भी जारी किए हैं।

अधिकारियों के अनुसार, जिला अधिकारियों ने पांच जून से 17 जून के बीच शहर भर में कुल 844 स्थलों का निरीक्षण किया है, जिसमें बुधवार को जांची गईं 28 संपत्तियां भी शामिल हैं।

आज की जांच के दौरान 16 स्थानों पर नोटिस जारी किए गए, हालांकि आज जिला प्रशासन द्वारा कोई सीलिंग या तोड़फोड़ की कार्रवाई नहीं की गई।

इस जांच अभियान के दायरे में होटल, गेस्ट हाउस, रेस्तरां, बैंक्वेट हॉल और अन्य इमारतें शामिल थीं।

एमसीडी के आंकड़ों के मुताबिक, एक जून से अब तक 256 अवैध निर्माणों को ढहाया गया है और 258 संपत्तियों को सील किया गया है। इसके अलावा, अवैध निर्माण के 380 नोटिस, 164 सीलिंग नोटिस और 109 तोड़फोड़ के आदेश जारी किए जा चुके हैं।

भाषा सुमित प्रशांत

प्रशांत