Breaking News

बागी सांसद मामला: स्पीकर ओम बिरला ने उद्धव गुट को शाम 5 बजे पक्ष रखने के लिए बुलाया     |   1999 बैच के IPS आनंद जैन ने लद्दाख के नए DGP के तौर पर कार्यभार संभाला     |   डोनाल्ड ट्रंप के 'गोल्डन डोम' प्रोजेक्ट का पहला लाइव-इंटरसेप्ट टेस्ट सफल     |   भारतीय दूतावास ने भारतीयों से ईरान की गैर-जरूरी यात्रा से बचने को कहा     |   सेंसेक्स 187 अंक चढ़कर 76,388.31 पर पहुंचा, निफ्टी 57 अंक बढ़कर 23,878.85 पर     |  

'बोझ बनने के लिए माफ करना', लिखकर देहरादून में नीट अभ्यर्थी ने आत्महत्या की

देहरादून, 17 जून (भाषा) देहरादून के पटेल नगर क्षेत्र में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) की तैयारी कर रही 23 साल की छात्रा ने कथित तौर पर अपनी 'अक्षमता' के लिए अपने माता—पिता से माफी मांगने वाला एक नोट लिखने के बाद अपने कमरे में आत्महत्या कर ली।

पुलिस को घटना की सूचना मंगलवार सुबह मिली।

पुलिस क्षेत्राधिकारी (सदर) अंकित कंडारी के अनुसार, शुरुआती जांच से पता चला है कि अपने माता—पिता के साथ रहने वाली रिया कुमारी अक्सर देर रात तक पढ़ाई करती थी और सुबह देर से उठती थी।

उन्होंने बताया कि घटना का पता सुबह करीब साढ़े दस बजे चला जब रिया की मां उसे नाश्ते के लिए बुलाने गई। जब रिया ने दरवाजा नहीं खोला, तो उसकी मां ने उसके पिता को बताया जिसके बाद जबरदस्ती दरवाजा खोला गया जहां वह अपने कमरे में फंदे से लटकी हुई मिली।

पुलिस को घटनास्थल से आत्महत्या से पूर्व लिखा एक नोट मिला जिसमें लिखा है, ‘‘बोझ बनने के लिए माफ करना। इसमें किसी और की नहीं, बल्कि मेरी अपनी अक्षमता का दोष है। सबसे अच्छा विकल्प इसे खत्म करना है, मैं आपसे प्यार करती हूं, मुझे माफ करना।’’

परिवार ने पुलिस को बताया है कि रिया में अवसाद के कोई पूर्व लक्षण नहीं थे।

कारगिल युद्ध में हिस्सा ले चुके रिया के पिता ने कहा कि करीब 10-15 दिन पहले उसने गर्मी के कारण बेचैनी की शिकायत की थी जिसके बाद उन्होंने उसके कमरे में एसी लगा दिया था।

कंडारी के अनुसार, संभव है कि पढ़ाई में सफलता नहीं मिलने से निराश रिया ने यह आत्मघाती कदम उठाया हो।

रिया ने 12वीं कक्षा 96 प्रतिशत से अधिक अंकों के साथ पास की थी और हाल में नीट की प्रवेश परीक्षा दी थी जिसे बाद में रद्द कर दिया गया था। वह 21 जून को दोबारा होने वाली परीक्षा की तैयारी कर रही थी।

परिवार के करीबी सूत्रों ने बताया कि नीट परीक्षा का रिया का इस वर्ष तीसरा प्रयास था। पहली बार वह बीमार पड़ने के कारण परीक्षा पास नहीं कर पाई जबकि दूसरे प्रयास में उसने लगभग 400 अंक हासिल किए लेकिन असफल रही।

नीट की तैयारी के साथ ही रिया बीएससी भी कर रही थी जिसके वह आखिरी सेमेस्टर में थी। सूत्रों ने बताया कि हाल में हुई नीट परीक्षा में अपनी सफलता को लेकर उसे पूरा भरोसा था।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि परिवार के अनुरोध पर छात्रा के शव का पोस्टमार्टम नहीं किया गया।

भाषा दीप्ति सुरभि

सुरभि