Breaking News

कोलकाता: गोदाम की छत गिरने से 8 लोग घायल, SSKM अस्पताल में भर्ती     |   पेजेश्कियान का PM मोदी को न्योता, खामेनेई के अंतिम विदाई कार्यक्रम में आने का निमंत्रण     |   कोलकाता के तारातला इलाके में बन रहा गोदाम ढहा, कई लोग मलबे में दबे     |   कच्चा तेल 2 मार्च के बाद पहली बार $76 प्रति बैरल पर पहुंचा     |   बागी सांसद मामला: स्पीकर ओम बिरला ने उद्धव गुट को शाम 5 बजे पक्ष रखने के लिए बुलाया     |  

अरुणाचल, असम ने आबकारी प्रशासन एवं अवैध व्यापार पर रोक लगाने के बारे में चर्चा की

ईटानगर, 17 जून (भाषा) अरुणाचल प्रदेश और असम बुधवार को एक मंत्री-स्तरीय बैठक के दौरान आबकारी प्रशासन, अवैध व्यापार की रोकथाम और राजस्व जुटाने के मामले में सहयोग बढ़ाने पर सहमत हुए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, बैठक की अध्यक्षता करने वाले अरुणाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री चौना मीन ने इस सेक्टर में उभरती चुनौतियों से निपटने के लिए आपसी सहयोग, तकनीकी नवोन्मेष और राज्यों के बीच नियमित बातचीत की जरूरत पर जोर दिया।

असम का प्रतिनिधित्व वहां के पंचायती राज और ग्रामीण विकास, आबकारी, सीमा सुरक्षा और विकास मंत्री अतुल बोरा ने किया, साथ ही दोनों राज्यों के वित्त और आबकारी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी इस मौके पर मौजूद थे।

मीन के पास वित्त, कर, आबकारी और नारकोटिक्स विभाग भी हैं। उन्होंने अरुणाचल प्रदेश और असम के बीच आपसी भरोसे, सहयोग और क्षेत्रीय विकास की साझा आकांक्षाओं पर आधारित लंबे समय से चले आ रहे संबंधों पर ज़ोर दिया।

उन्होंने कहा कि शासन से जुड़ी चुनौतियों से निपटने और कानूनों एवं नीतियों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए पड़ोसी राज्यों के बीच करीबी तालमेल बहुत जरूरी है।

बयान में कहा गया है कि दोनों पक्षों ने आबकारी प्रबंधन में सहयोग को मजबूत करने, अवैध व्यापार पर रोक लगाने, प्रवर्तन तंत्र को बेहतर बनाने, राजस्व बढ़ाने और संस्थागत क्षमता विकसित करने पर विस्तार से चर्चा की।

उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि आबकारी प्रशासन के सामने आने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए राज्यों के बीच लगातार सहयोग की जरूरत है। उन्होंने भरोसा जताया कि नियमित बातचीत और संयुक्त पहल से जनहित की रक्षा करते हुए शासन प्रणाली को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

भाषा प्रशांत सुरेश

सुरेश