Breaking News

कोलकाता: गोदाम की छत गिरने से 8 लोग घायल, SSKM अस्पताल में भर्ती     |   पेजेश्कियान का PM मोदी को न्योता, खामेनेई के अंतिम विदाई कार्यक्रम में आने का निमंत्रण     |   कोलकाता के तारातला इलाके में बन रहा गोदाम ढहा, कई लोग मलबे में दबे     |   कच्चा तेल 2 मार्च के बाद पहली बार $76 प्रति बैरल पर पहुंचा     |   बागी सांसद मामला: स्पीकर ओम बिरला ने उद्धव गुट को शाम 5 बजे पक्ष रखने के लिए बुलाया     |  

राम मंदिर में दान से जुड़ी अनियमितताओं के दोषियों को सख्त सजा मिलेगी: मौर्य

कानपुर (उप्र), 17 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को कहा कि अयोध्या में राम मंदिर में दान में कथित अनियमितताओं में दोषी पाए गए लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि गलती साबित होने पर किसी को बख्शा नहीं जाएगा।

कानपुर यात्रा के दौरान इस मुद्दे पर पूछे गए सवालों के जवाब में मौर्य ने कहा कि मंदिर में दान के संबंध में शिकायत की जांच एसआईटी द्वारा की जा रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘दान और चढ़ावा के संबंध में एक शिकायत आई है। एसआईटी जांच चल रही है। जिसने भी भगवान राम को चढ़ाई गई चीजों का दुरुपयोग किया है, उसे छोड़ा नहीं जाएगा। दोषियों से वसूली भी की जाएगी।”

मौर्य ने कहा कि यदि किसी ने अयोध्या में कोई गलत काम किया है तो उसे परिणाम भुगतना होगा। हनुमान जी महाराज की गदा उस पर पड़ेगी।

उन्होंने कहा कि राम मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की गहरी आस्था का मामला रहा है। उन्होंने लोगों से इस मुददे को राजनीतिक रंग नहीं देने का आग्रह किया।

विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए मौर्य ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी का भविष्य अंधकारमय है और भाजपा 2027 के विधानसभा चुनावों में भारी जनादेश के साथ सत्ता में लौटेगी, भले ही विपक्षी पार्टियां अलग-अलग चुनाव लड़ें या मिलकर लड़ें।

मौर्य ने दावा किया कि बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की जो स्थिति 2026 में हुई उससे भी बुरी स्थिति समाजवादी पार्टी (सपा) की 2027 में होगी।

भाषा सं राजेंद्र संतोष

संतोष