इंफाल, 17 जून (भाषा) मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने बुधवार को कहा कि राज्य में जारी हिंसा के कारण विकास कार्यों पर ध्यान देना मुश्किल हो गया है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि कई लोग शांति नहीं चाहते।
सिंह ने कहा कि वह लोगों की परेशानियों को दूर करने और विभिन्न समुदायों के बीच शांति स्थापित करने के लिए मुख्यमंत्री बने थे।
इंफाल पश्चिम जिले में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “लेकिन मुख्यमंत्री बनने के बाद से राज्य में हिंसा की घटनाएं होती रही हैं। हम उनके समाधान में लगे हुए हैं, जिससे विकास कार्यों पर ध्यान देना मुश्किल हो रहा है। फिर भी, हम अपनी जिम्मेदारियों से पीछे नहीं हट सकते।'
मणिपुर में तीन मई 2023 से मेइती और कुकी समुदायों के बीच जारी संघर्ष में कम से कम 260 लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों लोग बेघर हो गए हैं।
इस वर्ष 10 जून को सुरक्षा बलों ने छह नगा पुरुषों के शव बरामद किए। माना जा रहा है कि ये उन लोगों में शामिल थे जिन्हें कांगपोकपी जिले में गिरजाघर के तीन पदाधिकारियों की हत्या के बाद लगभग एक महीने तक बंधक बनाकर रखा गया था।
भाषा जोहेब अविनाश
अविनाश