(छठे पैरा में संशोधन के साथ)
नयी दिल्ली, 17 जून (भाषा) उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में लूटपाट के दौरान बस सहायक की चाकू मारकर हत्या करने के आरोप में 19-वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि आरोपी की पहचान अनवर के रूप में हुई है, जिसे पुलिस द्वारा कई टीम गठित करने और इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद गिरफ्तार किया गया।
उत्तर पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राहुल अलवल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘अपराध में इस्तेमाल किया गया चाकू आरोपी के पास से बरामद कर लिया गया है। घटना के समय पीड़ित के पास लगभग 10,000 रुपये नकद थे, जो अभी तक बरामद नहीं हो सके हैं।'
पुलिस के मुताबिक, यह घटना 14-15 जून की दरमियानी रात को हुई, जब राजस्थान के अलवर ज़िले का रहने वाला मुशर्रफ़ (25) घर लौट रहा था। वह दिल्ली में एक निजी बस में सहायक का काम करता था।
आरोप है कि हमलावरों के एक समूह ने उसे रोका और उससे लूटपाट करने की कोशिश की। पुलिस ने बताया कि जब उसने विरोध किया, तो हमलावरों ने उसे कई बार चाकू मारा और फिर वहां से भाग गए।
बाद में पीड़ित खून से लथपथ हालत में मिला और उसे तुरंत एक निकटवर्ती अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि मुशर्रफ अपने परिवार में अकेला कमाने वाला था। उसके परिवार में माता-पिता और बहनें हैं, जो आर्थिक रूप से उसपर निर्भर थे।
डीसीपी अलवल ने कहा कि कई टीम इस मामले पर काम कर रही हैं और अपराध में शामिल बाकी आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
भाषा नोमान नोमान सुरेश
सुरेश