नयी दिल्ली, 17 जून (भाषा) दिल्ली में बुधवार को मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहा और अधिकतर मौसम केंद्रों में पारा सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। हालांकि, एक दिन पहले जून का सबसे ठंडा दिन दर्ज किए जाने के बाद आज तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी देखी गई।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम है। वहीं, न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 3.7 डिग्री कम है।
पालम में अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री कम यानी 37.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.5 डिग्री कम यानी 22.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लोधी रोड पर अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से क्रमशः एक डिग्री और 5.4 डिग्री कम है।
रिज वेधशाला में सबसे अधिक 39.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री ज्यादा है। वहीं, यहां का न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.8 डिग्री कम यानी 22 डिग्री सेल्सियस रहा। आयानगर में अधिकतम तापमान सामान्य से 1.2 डिग्री कम यानी 37.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.7 डिग्री कम यानी 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने बताया कि बुधवार सुबह 8:30 बजे समाप्त हुए 24 घंटों के दौरान सफदरजंग में 2.8 मिलीमीटर (एमएम) बारिश दर्ज की गई। इस दौरान पालम में 9.1 एमएम, लोधी रोड में 1.2 एमएम, आयानगर में 2.5 एमएम बारिश हुई, जबकि रिज केंद्र में नाममात्र बारिश दर्ज की गई।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, शाम चार बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 92 दर्ज किया गया, जो 'संतोषजनक' श्रेणी में आता है।
सीपीसीबी के मुताबिक, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को 'अच्छा', 51 से 100 को 'संतोषजनक', 101 से 200 को 'मध्यम', 201 से 300 को 'खराब', 301 से 400 को 'बेहद खराब' और 401 से 500 के बीच को 'गंभीर' माना जाता है।
भाषा सुमित अविनाश
अविनाश