जयपुर, 17 जून (भाषा) मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को अधिकारियों को निर्देश दिया कि लोगों की समस्याओं के समाधान में कोई कोताही न बरती जाए। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों के तुरंत निपटान के निर्देश दिए।
शर्मा ने उदयपुर में शहरी सेवा शिविर का अवलोकन कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने शिविर में उपस्थित लाभार्थियों से संवाद कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं शिविर के संबंध में लोगों की प्रतिक्रिया जानी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सरकारी सेवाओं का लाभ पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से राज्य में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सेवा शिविर लगाए जा रहे हैं ताकि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो।
आधिकारिक बयान के अनुसार मुख्यमंत्री ने कहा कि शिविरों में आमजन से जुड़े छोटे से लेकर बड़े कार्यों को भी गंभीरता से लिया जाए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिविरों में आमजन की समस्याओं का समाधान हर हाल में किया जाए तथा इसमें किसी प्रकार की कोताही नहीं बरतें।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक व्यक्ति को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर काम कर रही है।
सेवा शिविरों के माध्यम से पट्टा वितरण, नामांतरण, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र सहित विभिन्न राजस्व एवं नागरिक सुविधाओं से जुड़े प्रकरणों का समाधान किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई स्टॉल देखीं। उन्होंने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को पट्टे, प्रमाण पत्र तथा सहायता राशि के चेक प्रदान किए।
भाषा पृथ्वी संतोष
संतोष