चंडीगढ़, 17 जून (भाषा) पंजाब के फिरोजपुर जिले में दो अलग-अलग अभियानों में तीन लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से 5.775 किलोग्राम हेरोइन और 1,33,640 नशीली गोलियां बरामद की गई हैं। पंजाब पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों के पास से 39 कारतूस और 36,600 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान मनजिंदर सिंह (24), जगजीत सिंह (22) और गुरदेव सिंह (55) के रूप में हुई है और ये सभी फिरोजपुर जिले के निवासी हैं।
फिरोजपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) भूपिंदर सिंह सिद्धू ने पहले अभियान का ब्योरा साझा करते हुए बताया कि एक विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने दाना मंडी बस्ती के पास से मनजिंदर सिंह और जगजीत सिंह को रोका और उनकी कार की तलाशी लेने पर 5.775 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई।
एसएसपी ने बताया कि दूसरे मामले में पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि ममदोट गांव में एक दवा की दुकान चलाने वाला गुरदेव सिंह प्रतिबंधित कैप्सूल और गोलियों की बिक्री कर रहा था।
उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर औषधि निरीक्षक की मौजूदगी में पुलिस टीम ने दुकान पर छापेमारी की और वहां से 1,33,640 प्रतिबंधित कैप्सूल, 36,600 रुपये नकद और 39 कारतूस बरामद किए गए।
भाषा प्रचेता सुरेश
सुरेश