कोच्चि, 17 जून (भाषा) केरल के मुवाट्टुपुझा के पास पांच लोगों द्वारा 25 वर्षीय महिला का यौन उत्पीड़न करने के प्रयास को एक प्रवासी श्रमिक ने विफल कर उसे बचा लिया।
पुलिस के अनुसार, ‘स्पा’ में काम करने वाली महिला 14 जून की रात घर लौट रही थी, तभी मोटरसाइकिलों पर सवार पांच लोग उसका पीछा करने लगे।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने महिला का यौन उत्पीड़न करने का प्रयास किया। जब महिला ने वहां से भागने की कोशिश की तो आरोपियों ने अपनी मोटरसाइकिलों से उसे टक्कर मारने का प्रयास भी किया।
इसी दौरान एक राहगीर ने महिला की मदद करते हुए एक लॉरी रुकवाई और उसे उसमें बिठाया ताकि वह आरोपियों से बच सके।
पुलिस के मुताबिक, लॉरी चालक ने आरोपियों की धमकियों के बावजूद वाहन को नहीं रोका और इस दौरान आरोपी लगातार लॉरी का पीछा करते रहे।
एक अधिकारी ने बताया कि महिला ने आपातकालीन नंबर पर कॉल किया और पुलिसकर्मियों को देखकर आरोपी फरार हो गए।
न्यूज़ चैनलों पर इस घटना का वीडियो प्रसारित किया गया है जिसमें मोटरसाइकिलों पर सवार आरोपियों को उस लॉरी का पीछा करते हुए देखा जा सकता है, जिसमें पीड़ित महिला सवार थी।
पुलिस ने बताया कि 19 से 20 साल की उम्र के सभी पांच आरोपियों को मंगलवार को गिरफ़्तार कर लिया गया।
भाषा प्रचेता अविनाश
अविनाश