बेंगलुरु, 17 जून (भाषा) बेंगलुरु में किराए के मकानों और एक स्पा से कथित तौर पर देह व्यापार से जुड़े गिरोह के संचालन के आरोप में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें चार महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि केंद्रीय अपराध शाखा (सीसीबी) के महिला सुरक्षा दस्ते द्वारा कामाक्षीपाल्य, केआर पुरम, कुमारस्वामी लेआउट, हेन्नूर और वरथुर में अलग-अलग स्थानों पर की गई छापेमारी के बाद ये गिरफ्तारियां की गईं।
इसने कहा कि गिरफ्तार किए गए छह आरोपियों में दो पुरुष और चार महिलाएं शामिल हैं, जिन पर महिलाओं को जबरन देह व्यापार में धकेलने का आरोप है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इस दौरान देह व्यापार में शामिल सात महिलाओं को भी बचाया गया, जिनमें चार अन्य राज्यों की और तीन स्थानीय निवासी हैं।
उन्होंने कहा कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अवैध रूप से लाभ कमाने के लिए फोन के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क करते थे और किराए के मकानों में देह व्यापार का संचालन करते थे।
अधिकारी के अनुसार, उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि स्पा में मालिश सेवाओं की आड़ में भी इस तरह की गतिविधियां चलाई जा रही थीं।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ कामाक्षीपाल्य, केआर पुरम, कुमारस्वामी लेआउट, हेन्नूर और वरथुर थानों में मामले दर्ज किए गए हैं तथा जांच जारी है।
भाषा प्रचेता नेत्रपाल
नेत्रपाल