नयी दिल्ली, 17 जून (भाषा) कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने बुधवार को केंद्र सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि ‘टेलीग्राम’ पर अस्थायी रोक को उन अनेक ‘बनावटी कदमों’ की शृंखला की एक कड़ी है, जिनमें सरकार पिछले महीने नीट-यूजी परीक्षा रद्द होने के बाद से उलझी हुई है।
रमेश ने व्यंग्यात्मक लहजे में यह भी कहा कि ‘टेलीग्राम’ की बजाय ‘टेलीप्रॉम्प्टर’ पर रोक लगाना कहीं अधिक जरूरी है।
उन्होंने दावा किया, ‘‘वैज्ञानिक मामलों पर प्रधानमंत्री के सबसे भरोसेमंद व्यक्ति और एक प्रतिष्ठित गणितज्ञ को ‘जेन-ज़ी’ के युवा कठघरे में खड़ा कर रहे हैं।’’
रमेश ने कहा कि यह उस स्थिति का परिणाम है, जब कोई व्यक्ति एक ऐसी सरकार का ढोल पीटने लगता है जो अक्षम, अहंकारी है और सुशासन की बजाय दिखावटी कदमों में अधिक रुचि रखती है।
उन्होंने कहा, ‘‘टेलीग्राम पर प्रतिबंध भी उन अनेक दिखावटी कदमों (प्रश्नपत्रों को वायुसेना के विमान से पहुंचाना, यह घोषणा करना कि प्रधानमंत्री स्वयं स्थिति की निगरानी कर रहे हैं) की सूची में शामिल हो गया है, जिनमें नीट-यूजी परीक्षा पिछले महीने रद्द होने के बाद से मोदी सरकार व्यस्त रही है। ‘टेलीग्राम’ की बजाय ‘टेलीप्रॉम्प्टर’ पर प्रतिबंध लगाना अधिक जरूरी है।’’
भाषा हक हक सुरेश
सुरेश