कोलकाता, 17 जून (भाषा) पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले में एक व्यक्ति ने राज्य के पूर्व मंत्री मानस भुइयां और तृणमूल कांग्रेस के दो अन्य नेताओं पर पत्नी को नौकरी दिलाने के नाम पर पांच लाख रुपये लेने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि सबंग विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विष्णुपुर ग्राम पंचायत निवासी विकास कुमार तुंग ने यह शिकायत दर्ज कराई है।
सबंग थाना के एक पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘हमें लिखित शिकायत मिली और जांच शुरू कर दी गई है। जांच के नतीजों के आधार पर जरूरी कार्रवाई की जाएगी।’’
शिकायतकर्ता के अनुसार, 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों से पहले उनकी पत्नी मंजू साहू तुंग को नौकरी का वादा किया गया था।
उसने आरोप लगाया कि यह वादा तत्कालीन मंत्री भुइयां और स्थानीय तृणमूल नेताओं शेख अबू कलाम बक्स और भोलानाथ डे के दखल से पांच लाख रुपये के बदले में किया गया था।
पुलिस के मुताबिक शिकायतकर्ता का दावा है कि मंजू साहू तुंग ने 1 मार्च, 2026 को टेमाथानी सिंचाई बंगले की देखभाल करने वाली के तौर पर सीआईएसबी सर्विसेज़ प्राइवेट लिमिटेड के तहत काम शुरू किया। पुलिसकर्मी ने बताया कि उनका पंजीकरण सीआईएसबी/डब्ल्यूबी-46 दर्ज किया गया था।
परिवार का आरोप है कि नियमित रूप से ड्यूटी करने के बावजूद, उन्हें छह मई को बताया गया कि उनकी सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं।
भुइयां ने आरोपों पर कहा कि यह शिकायत एक ‘साज़िश’ और ‘बदले की राजनीति’ है। हालांकि, उन्होंने भरोसा जताया कि सच आखिरकार सामने आएगा।
भुइयां ने हाल में तृणमूल कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था।
उन्होंने कहा, ‘‘यह एक बड़ी साज़िश के अलावा और कुछ नहीं है। कुछ लोग मुझे फंसाने की कोशिश कर रहे हैं।’’
भाषा धीरज अविनाश
अविनाश