Breaking News

पीएम मोदी ने कोलंबिया के राष्ट्रपति चुनाव में जीत पर एबेलार्डो को दी बधाई     |   अमेरिका के लिए पछतावे का कारण बनेगा सीजफायर का उल्लंघन: ईरान     |   कतर के रास लाफान दुर्घटना, 8 भारतीयों का शव आज पहुंचा इंडिया     |   प्रियंका गांधी ने वायनाड के कल्पेट्टा में किया आंगनवाड़ी केंद्र का उद्घाटन     |   जंग खत्म करने को लेकर लेबनान और इजरायल में बड़ी डील     |  

अमरनाथ यात्रा: सीआरपीएफ ने बालटाल मार्ग पर तीर्थयात्रियों के वास्ते पर्वतीय बचाव दल का गठन किया

श्रीनगर, 17 जून (भाषा) केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने जम्मू-कश्मीर में बालटाल मार्ग से होने वाली आगामी अमरनाथ यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों को आपातकालीन मदद पहुंचाने के लिए अपने जवानों का एक पर्वतीय बचाव दल (एमआरटी) तैयार किया है।

तीस-सदस्यीय इस दल के पास बचाव और चिकित्सकीय मदद के लिए ज़रूरी सभी चीजें, यथा- ऑक्सीजन सिलेंडर, पोर्टेबल स्ट्रेचर, रस्सियां, अधिक ऊंचाई के कारण होने वाली समस्याओं से निजात दिलाने वाली दवाएं और पेयजल वगैरह होंगी।

सीआरपीएफ के उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) एवं यात्रा के नोडल अधिकारी सुधीर कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘बालटाल मार्ग पर अहम जगहों पर टीम तैनात की जाएंगी। वे उन तीर्थयात्रियों की मदद करेंगी, जिन्हें थकान या चोट की वजह से बुनियादी मेडिकल देखभाल या सहायता की जरूरत होगी।’’

पिछले साल से बालटाल मार्ग पर सीआरपीएफ की ये टीम नियमित रूप से तैनात रहती हैं। उन्हें जरूरतमंद यात्रियों तथा यात्रा के आयोजन से जुड़े लोगों को ऑक्सीजन और अन्य ज़रूरी चीज़ें उपलब्ध कराते देखा गया है।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सीआरपीएफ की यह एमआरटी (मेडिकल रिस्पॉन्स टीम) और अन्य टीम बृहस्पतिवार को श्रीनगर से तैनाती के लिए रवाना की जाएंगी।

हिमालय में 3,880 मीटर की ऊंचाई पर बाबा अमरनाथ के दर्शन के लिए 57 दिनों की यह तीर्थयात्रा तीन जुलाई से शुरू होने वाली है।

भाषा राजकुमार सुरेश

सुरेश