छत्रपति संभाजीनगर (महाराष्ट्र), 17 जून (भाषा) शिवसेना (उबाठा) नेता कृष्णा पाटिल आष्टीकर ने बुधवार को कहा कि पार्टी में फूट की चर्चा के बीच उनके पिता एवं सांसद नागेश पाटिल आष्टीकर को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं रहने के बावजूद वह पार्टी अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के साथ हैं।
कृष्णा पाटिल आष्टीकर, बृहस्पतिवार को होने वाले महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव के लिए नांदेड़ से विपक्षी महा विकास आघाडी (एमवीए) गठबंधन के उम्मीदवार हैं।
उन्होंने एक वीडियो बयान में कहा, ‘‘मैं एमवीए के साथ था और आगे भी रहूंगा। मैं उद्धव ठाकरे का शिवसैनिक (शिव सेना कार्यकर्ता) हूं। मेरे मामले में किसी भी तरह के शक की कोई गुंजाइश नहीं है। मैं चुनाव मैदान में उम्मीदवार के तौर पर मजबूती से खड़ा हूं।’’
उनके पिता उन पांच शिवसेना (उबाठा) सांसदों में शामिल हैं, जो रविवार को पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे द्वारा बुलाई गई बैठक में व्यक्तिगत रूप से मौजूद नहीं थे, बल्कि ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए थे। इससे यह कयास लगाये जाने लगा कि पार्टी में बगावत की सुगबुगाहट हो रही है।
यह पूछे जाने पर कि यदि नागेश पाटिल आष्टीकर ने अपना पाला बदल लिया तो बृहस्पतिवार को होने वाले विधान परिषद चुनाव में एमवीए मतदाताओं (स्थानीय निकाय संस्थाओं के सदस्यों) का क्या रुख होगा, इसपर नांदेड़ के कांग्रेस सांसद रवींद्र चव्हाण ने कहा कि एमवीए नेताओं की बैठक होगी और इस पर फैसला लिया जाएगा।
भाषा सुभाष प्रशांत
प्रशांत