श्रीनगर, 17 जून (भाषा) जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बुधवार को कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के सांसद केंद्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार का समर्थन नहीं करेंगे।
तृणमूल कांग्रेस और शिवसेना के धड़ों द्वारा केंद्र सरकार का समर्थन किए जाने की खबरों पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में अब्दुल्ला ने कहा कि वे ऐसा क्यों कर रहे हैं, इस पर वह कोई टिप्पणी नहीं कर सकते।
अब्दुल्ला ने बांदीपुरा में पत्रकारों से बातचीत में कहा, ‘‘इस सवाल का जवाब न तो मैं दे सकता हूं और न ही आप। मैं कैसे कह सकता हूं कि द्रमुक या शिवसेना के सांसद क्या करेंगे? यह उन पर निर्भर करता है। यह उनकी अंतरात्मा पर निर्भर करता है। उनकी अंतरात्मा उन्हें जहां तक ले जाएगी, वे वहां तक जाएंगे।’’
लोकसभा में नेशनल कॉन्फ्रेंस के दो और राज्यसभा में तीन सदस्य हैं।
अब्दुल्ला ने कहा, ‘‘जहां तक नेकां के सांसदों का सवाल है, हम भाजपा के नेतृत्व वाली राजग सरकार का कभी समर्थन नहीं करेंगे।’’
मुख्यमंत्री जिले में विकास कार्यों की प्रगति और प्रमुख सरकारी कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की समीक्षा बैठक के लिए बांदीपुरा में थे।
उन्होंने जिले में जारी परियोजनाओं, विभिन्न विभागों के कामकाज (प्रगति) और सार्वजनिक सेवाओं की उपलब्धता की समीक्षा की।
अब्दुल्ला ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए कार्यों को समय पर पूरा करें, सरकारी सुविधाओं का लाभ लोगों तक ठीक से पहुंचाएं और जवाबदेह शासन सुनिश्चित करें।
बैठक में उपमुख्यमंत्री सुरेंद्र चौधरी, मंत्री जावेद डार और सकीना इटू, बांदीपुरा जिले के विधायक और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
भाषा सुमित नेत्रपाल
नेत्रपाल