गुवाहाटी, 17 जून (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने चिकित्सा के स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए 21 जून को दोबारा आयोजित कराई जा रही राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के मद्देनजर बुधवार को तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को परीक्षा निष्पक्ष व सुरक्षित तरीके से आयोजित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि परीक्षा प्रक्रिया के दौरान किसी भी तरह की अनियमितता को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए गए हैं।
शर्मा ने बैठक के बाद सोशल मीडिया मंच पर साझा एक पोस्ट में कहा, “असम ने हमेशा यह सुनिश्चित करने के लिए कड़े कदम उठाए हैं कि पूरी प्रक्रिया में कोई खामी न रहे।”
उन्होंने कहा कि सैन्यकर्मी परीक्षा केंद्रों तक प्रश्न-पत्र पहुंचाएंगे और सभी केंद्रों पर सीसीटीवरी से निगरानी की जाएगी। केंद्रों पर 24 घंटे पुलिस सुरक्षा भी मुहैया कराई जाएगी।
शर्मा ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के तहत, परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू रहेगी। उम्मीदवारों की दो-स्तरीय तलाशी ली जाएगी और सभी केंद्रों पर मोबाइल सिग्नल जैमर लगाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा के दिन वैध प्रवेश पत्र वाले अभ्यर्थियों को असम राज्य परिवहन की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी।
भाषा धीरज प्रशांत
प्रशांत