इंदौर (मध्यप्रदेश), 17 जून (भाषा) इंदौर में पुलिस ने कबाड़ कारोबारी के कर्मचारी से करीब 30 लाख रुपये की लूट के मामले का खुलासा करते हुए बुधवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी के मुताबिक आरोपियों में शामिल एक व्यक्ति ने क्रिप्टोकरेंसी में निवेश के कारण हुए घाटे और कर्ज के कारण लूट की साजिश रची थी।
पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि 11 जून की रात पंढरीनाथ थाना क्षेत्र में कबाड़ कारोबारी के कर्मचारी मुकुल अग्रवाल (22) से मारपीट करके 29.65 लाख रुपये नकदी से भरा बैग लूट लिया गया था।
सिंह ने बताया कि अग्रवाल विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों से भुगतान के रूप में एकत्र नकदी लेकर दोपहिया वाहन से जा रहे थे।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में चंद्रशेखर मुकाती उर्फ चंदू (43), प्रवीण भंडारी (37) और अमर उर्फ भांजा (42) शामिल हैं।
सिंह ने बताया,‘‘मुकाती और भंडारी गोवा के एक शोरूम में कुछ समय पहले एक साथ काम कर चुके हैं।’’
पुलिस आयुक्त के मुताबिक मुख्य साजिशकर्ता मुकाती ने पूछताछ में बताया कि क्रिप्टोकरेंसी में निवेश में हुए घाटे और कर्ज के चलते उसने अपने दो साथियों संग लूट की योजना बनाई थी।
सिंह ने बताया कि पुलिस ने लूटी गई रकम में से 22.60 लाख रुपये नकद और लूट की रकम से खरीदी गई एक कार आरोपियों के कब्जे से बरामद की है।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि सुराग मिले हैं कि लूट की रकम का एक हिस्सा जेवरात और कपड़े खरीदने में खर्च किया गया है।
उन्होंने बताया कि आरोपियों की मदद करने वाले दो लोगों को हिरासत में लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
भाषा हर्ष संतोष
संतोष