नयी दिल्ली, 17 जून (भाषा) चर्चित नीलामी घर ‘अष्टगुरु’ इस महीने ‘कलेक्टर्स च्वॉइस’ नाम से ऑनलाइन नीलामी आयोजित करेगा जिसमें प्रसिद्ध चित्रकार राजा रवि वर्मा की पेंटिंग ‘लिटिल प्रिंस ऑफ करेज’ भी शामिल होगी। नीलामीकर्ताओं को इस पेंटिंग के लिए 20 से 30 करोड़ रुपये मिलने की उम्मीद है।
वर्मा द्वारा चित्रित चर्चित शाही तस्वीरों में एक ‘लिटिल प्रिंस ऑफ करेज’ पुदुक्कोट्टई के राजकुमार, युवा मार्तंड भैरव टोंडईमान की है जिसमें उन्हें शाही ठाठ-बाट के साथ दिखाया गया है। अपनी कलात्मक खूबी के अलावा, इस तस्वीर में एक अद्भुत ऐतिहासिक कहानी भी छिपी है।
बाद में, युवा राजकुमार ने औपनिवेशिक उम्मीदों और शाही परंपराओं को दरकिनार करते हुए, अपनी प्रेमिका और ऑस्ट्रेलियाई महिला मौली फिंक से शादी करने के लिए अपना सिंहासन छोड़ दिया।
सूचीपत्र के मुताबिक 1878 में त्रिचिनापल्ली रेलवे स्टेशन पर इंतज़ार करते समय वर्मा की अचानक पुदुक्कोट्टई रियासत के नव नियुक्त सिरकेले (प्रधानमंत्री) ए. सशिया शास्त्री से मुलाकात हुई और बाद में उन्हें शाही परिवार की तस्वीरों की एक शृंखला बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
नीलामी घर ने एक बयान में कहा कि 22-23 जून को होने वाली इस नीलामी में भारतीय कला जगत के कुछ सबसे मशहूर कलाकारों जैसे हेमेंद्रनाथ मजूमदार, एम.एफ. हुसैन, एफ.एन. सूजा, गणेश पाइन, शक्ति बर्मन और हिम्मत शाह की चुनिंदा और अहम कलाकृतियां शामिल होंगी।
इस नीलामी में केएच आरा, जे स्वामीनाथन, राम कुमार, सतीश गुजराल, जोगेन चौधरी, केजी सुब्रमण्यन, धनराज भगत, रामेश्वर ब्रूटा और अन्य कलाकारों की पेंटिंग, मूर्तियां और कागज पर बनी कलाकृतियां भी शामिल होंगी।
इस नीलामी के प्रमुख आकर्षणों में से एक हुसैन की पेंटिंग ‘सावनी’ है जिसे उन्होंने लगभग 1960 में बनाया था। इस पेंटिंग के लिए 3.50 से 5.50 करोड़ रुपये की कीमत मिलने की उम्मीद है।
भाषा धीरज प्रशांत
प्रशांत