Breaking News

महाराष्ट्र के ठाणे में TET का पेपर लीक, कल होने वाली थी परीक्षा     |   AAP ने कल अमृतसर में बुलाई विधायकों की बैठक     |   पीएम मोदी ने कोलंबिया के राष्ट्रपति चुनाव में जीत पर एबेलार्डो को दी बधाई     |   अमेरिका के लिए पछतावे का कारण बनेगा सीजफायर का उल्लंघन: ईरान     |   कतर के रास लाफान दुर्घटना, 8 भारतीयों का शव आज पहुंचा इंडिया     |  

सुभाष चंद्रा का लुटियंस क्षेत्र में स्थित बंगला 1,260 करोड़ रुपये में बिका

नयी दिल्ली, 17 जून (भाषा) एस्सेल समूह के चेयरमैन सुभाष चंद्रा ने दिल्ली के लुटियंस क्षेत्र में स्थित एक बंगला 1,260 करोड़ रुपये में एक अज्ञात कारोबारी को बेच दिया है। इसे हाल के सबसे महंगे रियल एस्टेट सौदों में से एक माना जा रहा है।

करीब तीन एकड़ में फैला यह बंगला कनॉट प्लेस और इंडिया गेट के पास भगवान दास रोड पर स्थित है।

सूत्रों ने बुधवार को कहा कि इस संपत्ति को दिल्ली स्थित एक कारोबारी परिवार ने खरीदा है। हालांकि, इस खरीदार की पहचान उजागर नहीं की गई है।

यह बंगला उसी सड़क पर स्थित है जहां गौतम अदाणी की अगुवाई वाले समूह ने वर्ष 2020 में लगभग 400 करोड़ रुपये में एक अन्य संपत्ति खरीदी थी।

सूत्रों ने कहा कि 1,260 करोड़ रुपये का यह सौदा दिसंबर के पहले सप्ताह तक पूरा हो जाने की उम्मीद है।

इस बीच, चंद्रा की अगुवाई वाले ज़ी समूह के प्रवक्ता ने इस लेन-देन पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

चंद्रा ने यह संपत्ति वर्ष 2015 में 304 करोड़ रुपये में खरीदी थी। इसका मतलब है कि इस संपत्ति का मूल्य पिछले एक दशक में चार गुना से अधिक हो गया है।

लुटियंस बंगला क्षेत्र देश के सबसे महंगे रियल एस्टेट क्षेत्रों में से एक है, जहां करीब 3,000 बंगले हैं। इनमें से लगभग 600 संपत्तियां निजी स्वामित्व में हैं, जो देश के सबसे अमीर लोगों के पास हैं।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय