नयी दिल्ली, 17 जून (भाषा) कांग्रेस ने बुधवार को अमेरिका की ‘पैसिफिक कमांड’ द्वारा कथित तौर पर भारत के गलत मानचित्र का इस्तेमाल किए जाने को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा और कटाक्ष करते हुए कहा कि जब एक प्रधानमंत्री ने देश को ऐसे ‘‘शोषणकारी मित्रता’’ के हवाले कर दिया है तो फिर देश को दुश्मनों की क्या जरूरत है।
मुख्य विपक्षी दल ने यह दावा भी किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘‘मित्रों’’ की यह अजीब आदत रही है कि वे भारत, उसके हितों और उसके मित्रों के खिलाफ काम करते हैं।
कांग्रेस के मीडिया एवं प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट साझा की, जिसमें दावा किया गया कि अमेरिकी पैसिफिक कमांड ने भारत के गलत नक्शे इस्तेमाल किया है। इस नक्शे में जम्मू-कश्मीर को भारत से अलग दिखाया गया है तथा पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) को पाकिस्तान का हिस्सा दर्शाया गया है।
खेड़ा ने कहा, ‘‘मोदी जी के मित्रों की यह अजीब आदत रही है कि वे भारत, भारत के हितों और भारत के मित्रों के खिलाफ काम करते हैं। ताजा उदाहरण यह है कि अमेरिकी पैसिफिक कमांड ने भारत के गलत नक्शे का इस्तेमाल किया है, जिसमें जम्मू-कश्मीर को भारत से अलग दिखाया गया है और पीओके को पाकिस्तान का हिस्सा बताया गया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ऐसे में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि जब एक प्रधानमंत्री ने देश को ऐसी शोषणकारी मित्रता के हवाले कर दिया हो तो फिर उस देश को दुश्मनों की क्या जरूरत है?’’
अमेरिका ने आठ वर्ष पहले लिए गए निर्णय को पलटते हुए ‘यूएस इंडो-पैसिफिक कमांड’ का नाम फिर से ‘यूएस पैसिफिक कमांड’ कर दिया है।
अमेरिकी रक्षा विभाग ने मंगलवार को इसकी घोषणा करते हुए कहा कि यह नामकरण वर्ष 1947 में तत्कालीन राष्ट्रपति हैरी ट्रूमैन द्वारा स्थापित इस कमांड की ऐतिहासिक विरासत को सम्मान देने के लिए किया गया है।
अमेरिकी पैसिफिक कमांड का अधिकार क्षेत्र अमेरिका के पश्चिमी तट से लेकर भारत की पश्चिमी सीमा तक फैला हुआ है।
भाषा हक हक माधव
माधव