(कॉपी में सुधार के साथ)
गोंडा (उप्र), 17 जून (भाषा) गोंडा जिले की सदर सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक प्रतीक भूषण सिंह और उनके पिता व पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह को जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में धमकी देने वाला युवक राजस्थान का रहने वाला और मानसिक रूप से विक्षिप्त पाया गया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) आनंद राय ने बुधवार को बताया कि 14 जून को सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह के निजी मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया था।
फोन करने वाले युवक ने कथित तौर पर विधायक से उनकी पहचान पूछने के बाद कहा कि उन्हें और उनके पिता बृजभूषण शरण सिंह को जान से मार दिया जाएगा।
आरोपी ने यह भी कहा कि इसके लिए इंतजाम हो चुका है और यदि बच सकते हैं तो बच लें।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में विधायक प्रतिनिधि अजय सिंह की तहरीर पर नगर कोतवाली में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
सीओ ने बताया कि जांच के दौरान धमकी देने वाले युवक की पहचान राजस्थान के अलवर जिले के मांडा थाना क्षेत्र निवासी संदीप शर्मा के रूप में हुई है।
स्थानीय पुलिस से संपर्क करने पर जानकारी मिली कि युवक मानसिक रूप से विक्षिप्त है और जयपुर स्थित मेडिकल कॉलेज में उसका इलाज किया जा रहा है।
राय के अनुसार, मांडा थाना की पुलिस ने बताया कि आरोपी इससे पहले भी गूगल के माध्यम से कई राज्यों के जनप्रतिनिधियों के मोबाइल नंबर तलाश कर उन्हें धमकी दे चुका है। इन मामलों की जांच के लिए संबंधित राज्यों की पुलिस भी वहां पहुंच चुकी हैं।
उन्होंने बताया कि आरोपी के परिजनों को उसे मोबाइल फोन उपलब्ध न कराने और उसका समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही जिस मोबाइल फोन से फोन किया गया था उसकी जांच की जा रही है।
दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि विधायक समेत उनका परिवार लंबे समय से विभिन्न अंतरराष्ट्रीय आपराधिक गिरोहों और प्रतिबंधित संगठनों के निशाने पर रहा है। पूर्व में भी कई अपराधी और असामाजिक तत्व इस तरह की धमकियां दे चुके हैं।
प्रतीक भूषण सिंह गोंडा सदर विधानसभा सीट से लगातार दूसरी बार भाजपा के टिकट पर विधायक चुने गए हैं। उनके छोटे भाई करण भूषण सिंह कैसरगंज से भाजपा सांसद हैं।
वहीं, बृजभूषण शरण सिंह देवीपाटन मंडल की अलग-अलग सीट से छह बार लोकसभा सदस्य रह चुके हैं और भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष भी रहे हैं। वर्तमान में उन्हें वाई-प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है।
भाषा सं जफर संतोष
संतोष
संतोष
संतोष