Breaking News

पुरानी दिल्ली रेलवे पर हादसा, एक व्यक्ति की मौत     |   विजयवाड़ा में CM नायडू ने रामदेव बाबा की जमकर की तारीफ     |   डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत अमेरिका-ईरान वार्ता के लिए स्विट्जरलैंड रवाना     |   दिल्ली के शाहदरा में घर में लगी आग, मौके पर पहुंचीं 6 दमकल गाड़ियां     |   ईरान के अरबों डॉलर फंड पर अमेरिका-कतर बना रहे योजना     |  

प्रधानमंत्री आवास योजना में ‘वित्तीय अनियमितताओं’ में पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री गुहा गिरफ्तार

(फाइल फोटो के साथ)

कोलकाता, 17 जून (भाषा) प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़ी ‘वित्तीय अनियमितताओं’ में कथित संलिप्तता को लेकर बुधवार को पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री और तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता उदयन गुहा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि गुहा को यहां फूलबागान क्षेत्र में एक फ्लैट से गिरफ्तार किया गया।

कूचबिहार जिला पुलिस के एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘पूर्व मंत्री के ख़िलाफ़ प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़ी वित्तीय अनियमितताओं में शामिल होने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई गई थी। उनके ख़िलाफ़ अन्य मामले भी हैं और उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।’’

उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता का आरोप है कि गुहा 2016 से ही इस योजना के लिए आवंटित पैसे की हेराफेरी कर रहे हैं।

अधिकारी ने बताया कि गुहा के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और आपराधिक साजिश समेत बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

गुहा पर 2021 में चुनाव के बाद हुई हिंसा से जुड़े आरोप भी हैं।

गुहा 2026 के विधानसभा चुनाव में दिनहाटा से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार थे।

अधिकारी ने कहा ,‘‘ हमें जानकारी मिली थी कि गुहा कोलकाता के फूलबागान इलाके के एक फ्लैट में रह रहे हैं। उन्हें उसी फ्लैट से गिरफ्तार किया गया।’’

पुलिस के अनुसार तृणमूल नेता को कूचबिहार ले जाया जा रहा है और बृहस्पतिवार को उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।

भाषा

राजकुमार पवनेश

पवनेश