श्रीनगर, 17 जून (भाषा) कश्मीर में बुधवार को दो सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार पर्यटकों समेत 11 अन्य लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में एक वाहन अरु-पहलगाम सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिर गया, जिससे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और छह लोग घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने हादसे पर गहरा दुख जताया है।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि अब्दुल्ला ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की।
सीएमओ ने लिखा, 'मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों का सर्वोत्तम इलाज सुनिश्चित करने और प्रभावित परिवारों को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने का भी निर्देश दिया।'
इससे पहले, उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के तंगमार्ग में एक वाहन के पलट जाने से चार पर्यटक और एक स्थानीय चालक घायल हो गए थे।
तंगमार्ग गुलमर्ग के प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट का मुख्य बाजार और प्रवेश द्वार है।
अधिकारियों ने कहा कि घायलों को अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी हालत स्थिर है।
भाषा तान्या जोहेब
जोहेब