Breaking News

तीन दिन के दौरे पर सेशेल्स पहुंचे PM मोदी, राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी ने किया गर्मजोशी से स्वागत     |   सेशेल्स पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी, स्वागत के साथ शुरू हुआ तीन दिवसीय आधिकारिक दौरा     |   मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के करीबी हनुमानगढ़ी के महंत संत रामदास का निधन     |   राबड़ी देवी को सरकारी बंगला खाली करने का आखिरी नोटिस, नए घर में शिफ्टिंग की तैयारी     |   तीन जुलाई से शुरू होगी अमरनाथ यात्रा     |  

राहुल के छात्र सम्मेलन से डरी भाजपा, रोकने के लिए पूरी ताकत झोंकी: कांग्रेस

नयी दिल्ली, 17 जून (भाषा) कांग्रेस ने बुधवार को आरोप लगाया कि राहुल गांधी के छात्र सम्मेलन को रोकने के लिए पूरी ताकत झोंक दी गई है क्योंकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सिंहासन डोलने की चिंता सता रही है।

गांधी राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) परीक्षा के पेपर लीक, भारतीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की ऑन-स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) प्रणाली और बेरोजगारी के विषयों को लेकर छात्र सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इसकी शुरुआत 17 जून को कोटा से हो रही है। इसके बाद प्रयागराज, पटना और दिल्ली में छात्र सम्मेलनों का आयोजन होगा।

कांग्रेस प्रवक्ता रागिनी नायक बसोया ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘जैसे ही मोदी सरकार को पता चला कि राहुल गांधी जी कोटा में जेन जी से मिलने वाले हैं, पूरे सत्तारूढ़ दल में अफरा-तफरी मच गई। भाजपा और राजस्थान सरकार छटपटाहट के चलते ही सत्ता की पूरी ताकत झोंक रही है, ताकि 'छात्रों की गूंज' रोकी जा सके।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मगर छात्र, जेन जी खुद राहुल गांधी जी से मिलने आ रहे हैं, जिसे देखकर नरेन्द्र मोदी को अपना सिंहासन डोलने की चिंता सता रही है।’’

रागिनी ने कहा, ‘‘राहुल गांधी जी ने नेता विपक्ष होने की जिम्मेदारी निभाते हुए युवाओं की आवाज उठाई है। वे ऐसा करने वाले इकलौते नेता हैं। वहीं, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस पूरे मामले में मुंह छिपाने के बजाए कुछ नहीं किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी खामोश रहे, एबीवीपी और भाजपा के युवा मोर्चा ने कुछ नहीं किया।’’

उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने देश के युवाओं के साथ सिर्फ विश्वासघात किया है, उनकी पीठ में छुरा घोंपा है।

रागिनी ने कटाक्ष करते हुए कहा कि मोदी सरकार सेना और वायुसेना के बिना एक परीक्षा भी नहीं करवा सकती और यही कारण है कि 10 साल में 89 से ज्यादा पेपर लीक हुए हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘अब हालात ये हैं कि एनटीए की सिफारिश पर टेलीग्राम को अगली नीट परीक्षा तक प्रतिबंधित कर दिया गया है। मतलब लाखों छात्र जिस एनटीए को बैन करवाने के लिए सड़कों पर हैं, उस एनटीए की सिफारिश पर टेलीग्राम को प्रतिबंधित कर दिया गया है।’’

रागिनी ने कहा, ‘‘नेता विपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में एनएसयूआई, युवा कांग्रेस और कांग्रेस का हर बब्बर शेर युवाओं की आवाज बुलंद करेगा और देश के सभी नागरिकों को इसका हिस्सा बनना चाहिए। नरेन्द्र मोदी अपनी नाकामियों को छिपाने की कोशिश करेंगे लेकिन देश की जनता और हमें अपनी ताकत दिखानी होगी।’’

भाषा हक

हक पवनेश

पवनेश