नयी दिल्ली, 17 जून (भाषा) मध्य दिल्ली पुलिस ने देसी कट्टा लहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर डालने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी ज़ैद (18) को गुप्त सूचना के बाद गिरफ्तार किया कि उसने देसी कट्टा लहारते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किए थे।
उन्होंने बताया कि सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक टीम ने फाटक तेलियान इलाके में छापेमारी की और आरोपी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।
मध्य दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) रोहित राजबीर सिंह ने कहा, 'पूछताछ के दौरान, ज़ैद ने पुलिस को बताया कि वह पिज्जा बेचने वाली दुकान पर काम करता था और अपनी छवि चमकाने और अपने आयु वर्ग के लोगों और स्थानीय निवासियों पर धाक जमाने के लिए वीडियो और ‘स्टोरी’ अपलोड करता था।’’
उन्होंने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके आवास से एक देसी कट्टा और एक कारतूस बरामद किया।
अधिकारी ने कहा कि उसने यह कट्टा कहां से लिया था, यह पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
भाषा नोमान नोमान देवेंद्र
देवेंद्र