Breaking News

तीन दिन के दौरे पर सेशेल्स पहुंचे PM मोदी, राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी ने किया गर्मजोशी से स्वागत     |   सेशेल्स पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी, स्वागत के साथ शुरू हुआ तीन दिवसीय आधिकारिक दौरा     |   मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के करीबी हनुमानगढ़ी के महंत संत रामदास का निधन     |   राबड़ी देवी को सरकारी बंगला खाली करने का आखिरी नोटिस, नए घर में शिफ्टिंग की तैयारी     |   तीन जुलाई से शुरू होगी अमरनाथ यात्रा     |  

बदायूं में ट्रैक्टर ने ई-रिक्शा को टक्कर मारी, छह महिलाओं की मौत, तीन घायल

बदायूं, 17 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के बदायूं ज़िले में बरेली-मथुरा मार्ग पर एक ट्रैक्टर और ई-रिक्शा की टक्कर में छह महिलाओं की मौत हो गई और तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि हादसा अपराह्न करीब एक बजे उझानी थाना क्षेत्र के जूनैया गांव क्षेत्र में करुआ पुल के पास हुआ और जान गंवाने वाली महिलाएं ई-रिक्शा में सवार थीं।

पुलिस के अनुसार, मुरावन नगला गांव निवासी डालचंद मौर्य का परिवार 29 जून को होने वाली अपने बेटे कुंवर पाल की शादी की तैयारी कर रहा था। परिवार की आठ महिलाएं ई-रिक्शा में सवार होकर रिश्तेदारों को शादी समारोह में आमंत्रित करने के लिए गढ़हौना गांव जा रही थीं।

अधिकारियों ने बताया कि ई-रिक्शा एक ट्रैक्टर से बचने की कोशिश कर रहा था कि तभी विपरीत दिशा से आ रहे एक अन्य तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान प्रेमा देवी (32), गंगाश्री उर्फ सरला (32), राजकुमारी (50), रेवती (80), नारायणी (30) और आरती (30) के रूप में हुई है।

अधिकारियों ने कहा कि ई-रिक्शा चालक शनि और दो अन्य महिलाओं को गंभीर चोटें आईं तथा उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा भी मौके पर पहुंचीं।

राय ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि ई-रिक्शा चालक एक ट्रैक्टर से बचने का प्रयास कर रहा था कि तभी दूसरे ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी।

जिलाधिकारी ने कहा, ‘‘दुर्घटना में शामिल दोनों ट्रैक्टर चालकों को हिरासत में ले लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।’’

अधिकारियों ने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है और दुर्घटना की जांच के लिए अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) की अध्यक्षता में एक जांच दल गठित किया गया है।

भाषा सं जफर अविनाश नेत्रपाल

नेत्रपाल