Breaking News

राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |   तीन दिन के दौरे पर सेशेल्स पहुंचे PM मोदी, राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी ने किया गर्मजोशी से स्वागत     |   सेशेल्स पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी, स्वागत के साथ शुरू हुआ तीन दिवसीय आधिकारिक दौरा     |   मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के करीबी हनुमानगढ़ी के महंत संत रामदास का निधन     |  

रिश्ता टूटने से नाराज व्यक्ति ने युवती और उसकी छोटी बहन को गोली मारकर घायल किया

लखनऊ, 17 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक व्यक्ति ने रिश्ता टूटने से नाराज होकर 20 वर्षीय एक युवती और उसकी छोटी बहन को कथित तौर पर गोली मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना मंगलवार शाम खोड़ा थाना क्षेत्र में हुई। अधिकारियों ने कहा कि आरोपी की पहचान जानी के रूप में हुई है, जिसे गोलीबारी के तुरंत बाद गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस उपायुक्त (शहर) धवल जायसवाल ने बताया कि पुलिस को शाम करीब साढ़े चार बजे सूचना मिली कि आदर्श नगर में रहने वाली एक युवती को प्रेमचंद के बेटे जानी ने गोली मार दी है।

पुलिस के मुताबिक, युवती की बहन भी उसे बचाने की कोशिश में घायल हो गई। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद दोनों को अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने बताया कि दोनों युवतियों की पहचान खुशी (20) और उसकी बहन निधि (18) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि आरोपी और खुशी एक-दूसरे को जानते थे और उनकी शादी करीब एक साल पहले तय हुई थी। अधिकारियों ने बताया कि हालांकि, कुछ महीने पहले रिश्ता टूट गया था, जिसके बाद आरोपी कथित तौर पर नाराज था।

अधिकारियों के अनुसार प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि आरोपी मंगलवार शाम को हथियार लेकर युवती के घर पहुंचा और उसे देखकर दोनों बहनों ने कथित तौर पर खुद को एक कमरे में बंद कर लिया।

पुलिस ने बताया कि इसके बाद आरोपी ने एक खिड़की का शीशा तोड़ दिया, प्रवेश द्वार के पास रखे एक रेफ्रिजरेटर को हटा दिया और कमरे में प्रवेश करने का प्रयास करने के बाद उन पर गोलियां चलायीं।

सहायक पुलिस आयुक्त (इंदिरापुरम) अभिषेक श्रीवास्तव ने कहा कि आरोपी को खोड़ा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर स्वीकार किया कि रिश्ता टूटने से गुस्से में आकर उसने हमले को अंजाम दिया।

पुलिस ने कहा कि जांच के दौरान एकत्र किए गए सबूतों और दर्ज किए गए बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

भाषा सं जफर मनीषा अमित

अमित