नयी दिल्ली, 17 जून (भाषा) ‘भाषा’ की विभिन्न फाइल से बुधवार को अपराह्न दो बजे तक जारी मुख्य समाचार इस प्रकार हैं:-
दि15 : शिवसेना (उबाठा) लोकसभा अध्यक्ष
शिवसेना (उबाठा) में फूट की अटकलें: उद्धव के तीन वफादार सांसदों ने बिरला से मुलाकात की
नयी दिल्ली, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के छह से सात सांसदों के महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ शिवसेना में शामिल हो सकने के संकेतों के बीच शिवसेना (उबाठा) के नेताओं- लोकसभा सदस्य अरविंद सावंत एवं अनिल देसाई और राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से बुधवार को मुलाकात की।
अर्थ12 : टेलीग्राम वीपीएन
टेलीग्राम भारत में मौजूदा उपयोगकर्ताओं के लिए बंद, वीपीएन के जरिये उपलब्ध
नयी दिल्ली, संदेश ऐप टेलीग्राम सरकार के अस्थायी प्रतिबंध के बाद भारत में मौजूदा उपयोगकर्ताओं के लिए काम नहीं कर रहा है। हालांकि, यह ‘वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क’ (वीपीएन) के जरिये अब भी उपलब्ध है। उद्योग विशेषज्ञों ने यह जानकारी दी।
दि3 : कांग्रेस शाह विपक्ष
भारतीय लोकतंत्र को कमजोर कर रहे हैं शाह: कांग्रेस
नयी दिल्ली, कांग्रेस ने बुधवार को आरोप लगाया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस साल 17 अप्रैल को लोकसभा में संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने में नाकाम रहने से हुई ‘‘शर्मिंदगी’’ की भरपाई के लिए विपक्ष पर ‘‘हमला’’ कर रहे हैं और भारतीय लोकतंत्र को कमजोर कर रहे हैं।
दि4 : दिल्ली केजरीवाल प्रश्न लीक
प्रश्न पत्र लीक होने की घटनाएं रोकने का केंद्र का कोई इरादा नहीं : अरविंद केजरीवाल
नयी दिल्ली, आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) 2026 की दोबारा परीक्षा से पहले ‘टेलीग्राम’ ऐप तक पहुंच अस्थायी रूप से प्रतिबंधित करने के केंद्र के फैसले को बुधवार को ‘‘बेतुका’’ करार दिया और दावा किया कि प्रश्नपत्र लीक को रोकने की सरकार की कोई मंशा नहीं है।
प्रादे7 : गुजरात दुर्घटना बस
वडोदरा में बस के ट्रक से टकराने के कारण छह लोगों की मौत, 20 घायल
वडोदरा, गुजरात के वडोदरा जिले में बुधवार तड़के एक निजी बस के राजमार्ग पर खड़े एक ट्रक से टकरा जाने से छह लोगों की मौत हो गई और करीब 20 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
प्रादे36 : महाराष्ट्र शिवसेना (उबाठा) राउत
पाला बदलना चाहते हैं तो इस्तीफा दे दें: राउत ने शिवसेना (उबाठा) नेताओं से कहा
मुंबई, उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) में फूट पड़ने की अटकलें तेज होने के बीच पार्टी नेता संजय राउत ने बागी सांसदों को बुधवार को चुनौती दी कि अगर वे पाला बदलना चाहते हैं तो इस्तीफा दे दें।
वि8 : अमेरिका ट्रंप इजराइल
ईरान समझौते की कोशिशों के बीच ट्रंप और नेतन्याहू के रिश्तों में तनाव उभरा
वाशिंगटन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच लंबे समय से चले आ रहे करीबी संबंध अब परीक्षा के दौर से गुजरते दिख रहे हैं। ईरान के साथ युद्ध समाप्त करने के लिए समझौते को अंतिम रूप देने की ट्रंप की कोशिशों के बीच उन्होंने नेतन्याहू की सार्वजनिक रूप से आलोचना की है।
वि9 : अमेरिका कांग्रेस ईरान
ईरान पर सैन्य कार्रवाई रोकने का प्रस्ताव अमेरिकी सीनेट में फिर विफल
वाशिंगटन, अमेरिकी सीनेट ने ईरान के खिलाफ अमेरिकी सैन्य कार्रवाई रोकने संबंधी युद्ध शक्तियों के प्रस्ताव को मंगलवार को एक बार फिर आगे बढ़ाने की कोशिश की, लेकिन उसे सफलता नहीं मिली।
अर्थ13 : टेलीग्राम लीड रिलायंस
भारत में टेलीग्राम प्रतिबंध को लेकर ड्यूरोव का रिलायंस पर आरोप, उद्योग सूत्र ने किया खारिज
नयी दिल्ली, संदेश ऐप टेलीग्राम के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पावेल ड्यूरोव ने आरोप लगाया कि रिलायंस समूह ने व्हाट्सऐप के साथ मिलकर भारत में ऐप पर प्रतिबंध के लिए शायद पैरवी की हो। हालांकि, उद्योग जगत से जुड़े एक सूत्र ने इसे रिलायंस समूह की दो अलग-अलग कंपनियों के बीच भ्रम होने के कारण फैली ‘‘गलत खबर’’ बताकर खारिज कर दिया।
अर्थ14 : अदालत टेलीग्राम
टेलीग्राम ने सरकार के अस्थायी प्रतिबंध आदेश के खिलाफ दिल्ली उच्च न्यायालय का किया रुख
नयी दिल्ली, संदेश ऐप टेलीग्राम ने सरकार के ऐप पर अस्थायी प्रतिबंध के फैसले के खिलाफ बुधवार को दिल्ली उच्च न्यायालय का रुख किया।
खेल19 : खेल हॉकी महिला भारत
सेमीफाइनल में जगह पक्की , उरूग्वे के खिलाफ जीत की लय कायम रखना चाहेगी भारतीय टीम
आकलैंड, सेमीफाइनल में जगह पक्की होने के बाद भारतीय महिला हॉकी टीम अब बिना किसी दबाव के बृहस्पतिवार को आखिरी लीग मैच में उरूग्वे के खिलाफ भी जीत की लय कायम रखने के इरादे से उतरेगी।
खेल7 : खेल कप लीड अर्जेंटीना
विश्व कप में पहली हैट्रिक के साथ क्लोसे के बराबर पहुंचे मेस्सी, अर्जेंटीना ने अल्जीरिया को हराया
कंसास सिटी, लियोनेल मेस्सी ने विश्व कप में पहली हैट्रिक लगाने के साथ मिरोस्लाव क्लोसे के सर्वाधिक 16 गोल के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली जिसके दम पर गत चैम्पियन अर्जेंटीना ने ग्रुप चरण के पहले मैच में अल्जीरिया को 3 . 0 से हरा दिया।
भाषा तान्या मनीषा
मनीषा