(इंट्रो और तीसरे पैरा में दिन ठीक करते हुए)
नोएडा (उत्तर प्रदेश), 17 जून (भाषा) गौतमबुद्ध नगर जिले में पुलिस टीम और कार चालक पर गोलीबारी करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों की पहचान साकीपुर गांव निवासी राहुल (34), बडपुरा निवासी नीतू उर्फ कुलदीप (38) और बुलंदशहर निवासी मनोज उर्फ गुड्डू (36) के रूप में हुई है।
पुलिस उपायुक्त (जोन द्वितीय) शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि थाना बादलपुर पुलिस को मंगलवार रात सूचना मिली थी कि जीटी रोड पर बुलंदशहर से दादरी की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार में सवार लोगों ने एक अन्य वाहन चालक पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई हैं।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। इसी दौरान अंबुजा सीमेंट फैक्टरी के पास एक संदिग्ध कार खड़ी दिखाई दी, जब पुलिस टीम कार के पास पहुंची तो उसमें सवार लोगों ने पुलिस दल पर गोलीबारी कर दी।
सिंह ने बताया कि पुलिस ने संयमित कार्रवाई करते हुए मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनके दो साथी अर्जुन और नवीन फरार हो गए।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से चार देसी तमंचे, एक पिस्तौल, कारतूस और तमंचों की नाल बरामद की गई है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे रात के समय कार से जा रहे थे तभी पीछे से आ रही एक कार के चालक ने आगे निकलने लिए कई बार हॉर्न बजाया, जिससे आक्रोश में आकर आरोपियों ने गोली चला दी।
उन्होंने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
भाषा सं अमित खारी
खारी