Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने नीट पुनर्परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की

भोपाल, 16 जून (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 21 जून को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) की पुनर्परीक्षा की तैयारियों की मंगलवार को समीक्षा की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से आयोजित बैठक में यादव ने सभी तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूरी करने के निर्देश दिए।

राज्य के 30 जिलों में स्थित 283 परीक्षा केंद्रों पर नीट-यूजी परीक्षा आयोजित की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने नीट के समन्वय के लिए जिम्मेदार उच्च शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर 19 जून तक बायोमेट्रिक मशीनें, सीसीटीवी कैमरे और जैमर स्थापित किए जाएं तथा 20 जून को उनका परीक्षण किया जाए।

यादव ने कहा कि 21 जून को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का जबलपुर दौरा प्रस्तावित है, इसलिए प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी शहर में यातायात प्रबंधन की ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करें जिससे अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में कोई कठिनाई न हो।

उन्होंने कहा कि उसी दिन अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम भी आयोजित होंगे, इसलिए यह सुनिश्चित किया जाए कि इन आयोजनों के कारण परीक्षार्थियों को यातायात संबंधी परेशानी का सामना न करना पड़े।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि यदि किसी अभ्यर्थी को परिवहन संबंधी समस्या आती है तो प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी सरकारी अथवा निजी वाहन की व्यवस्था कर उसकी सहायता करें।

यादव ने सभी 30 जिलों जिलाधिकारियों, पुलिस अधीक्षकों तथा परीक्षा व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों से कहा कि नीट के लिए तैयार की गई मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का उपयोग भविष्य में राज्य में आयोजित होने वाली अन्य परीक्षाओं में भी किया जाएगा।

अतिरिक्त मुख्य सचिव (उच्च शिक्षा एवं जनसंपर्क) अनुपम राजन ने बताया कि नीट के लिए जिला स्तरीय समन्वय समितियों का गठन किया गया है।

उन्होंने कहा कि नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं तथा प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सहायक उपनिरीक्षक स्तर के एक पुलिस अधिकारी की तैनाती की गई है।

राजन ने बताया कि परीक्षा के प्रश्नपत्र राज्य में पहुंच चुके हैं और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा अधिसूचित दो बैंकों में सुरक्षित रखे गए हैं।

उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर दो स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी। बाहरी सुरक्षा घेरा राज्य पुलिस एवं होमगार्ड के जवान संभालेंगे, जबकि आंतरिक सुरक्षा की जिम्मेदारी एनटीए द्वारा नियुक्त एजेंसी के पास होगी।

राजन ने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर जनरेटर, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और पंखों की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। प्रत्येक केंद्र पर प्राथमिक स्वास्थ्य कर्मी और प्राथमिक उपचार किट उपलब्ध रहेगी, जबकि नियंत्रण कक्ष में चिकित्सकों और पैरामेडिकल कर्मियों की टीम तैनात रहेगी।

बैठक में मुख्य सचिव अनुराग जैन, पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

भाषा दिमो सुरभि

सुरभि