ऊना (हिमाचल प्रदेश), 16 जून (भाषा) हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा है कि राज्य सरकार ऊना जिले में स्थित माता चिंतपूर्णी मंदिर के पुनर्विकास पर लगभग 250 करोड़ रुपये खर्च करेगी।
अग्निहोत्री ने सोमवार को मंदिर के विस्तार और विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह घोषणा की।
उन्होंने कहा कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत एक आधुनिक तीर्थयात्री परिसर विकसित किया जाएगा, जबकि मंदिर के मूल ढांचे और गर्भगृह की पवित्रता को अक्षुण्ण रखा जाएगा।
उपमुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को सभी लंबित औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जा सके।
उन्होंने कहा कि परियोजना की रूपरेखा और भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है तथा निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होने की उम्मीद है।
अग्निहोत्री ने कहा, “मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू जल्द ही इस परियोजना की आधारशिला रखेंगे।”
भाषा
राखी दिलीप
दिलीप