Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

ओडिशा: बुजुर्ग महिला ने कीटनाशक खाकर जान दी, परिवार का दावा- पेंशन नहीं मिलने से अवसाद में थी

ब्रह्मपुर (ओडिशा), 16 जून (भाषा) ओडिशा के गंजाम जिले में एक बुजुर्ग महिला ने कथित तौर पर कीटनाशक खाकर जान दे दी। मृत महिला के परिजनों ने मंगलवार को दावा किया कि पिछले तीन महीने से वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिलने के कारण वह अवसाद में थी।

मृत महिला की पहचान जिले के बेगुनियापाड़ा ब्लॉक के चढ़ेयापड़ा गांव की निवासी बी सावित्री डोरा (66) के रूप में हुई है, जो एक विधवा थीं। यह घटना रविवार को हुई थी, लेकिन मंगलवार को इसका खुलासा हुआ।

मृत महिला की बेटियों में से एक, बी चंडी डोरा ने कहा, 'तीन बेटियों की शादी के बाद मां घर में अकेली रहती थीं। वह पूरी तरह से अपनी 1,000 रुपये की मासिक पेंशन और खाद्य सुरक्षा योजना के तहत मिलने वाले पांच किलोग्राम चावल पर निर्भर थीं।'

उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी मां पेंशन की रकम खाते में आई है या नहीं, यह जांचने के लिए बार-बार बैंक के चक्कर काट रही थीं।

चंडी ने कहा, 'पिछले तीन महीनों से पेंशन नहीं मिलने के कारण परेशान होकर मेरी मां ने शायद कीटनाशक खा लिया।'

बेगुनियापाड़ा के प्रखंड विकास अधिकारी (बीडीओ) सुनील कुमार सामंत ने बताया कि महिला 'इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना' की लाभार्थी थीं और उन्हें आखिरी बार मार्च में पेंशन मिली थी।

एक अधिकारी ने बताया कि गंजाम जिले में 'राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम' (एनएसएपी) के तहत आने वाले 1.49 लाख से अधिक लाभार्थियों को तकनीकी दिक्कतों के कारण पिछले तीन महीनों से उनकी मासिक पेंशन नहीं मिली है।

भाषा सुमित दिलीप

दिलीप