भुवनेश्वर, 16 जून (भाषा) ओडिशा सरकार ने 21 जून को आयोजित होने वाली नीट-(यूजी) 2026 की पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को मुफ्त बस सेवा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। राज्य सरकार के एक मंत्री ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि प्रमुख रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों से परीक्षा केंद्रों तक सीधी बस सेवाएं संचालित की जाएंगी।
देश के सभी चिकित्सा संस्थानों में स्नातक स्तर के चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) पहली बार तीन मई को आयोजित की गई थी।
प्रश्नपत्र लीक होने के आरोपों के बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने कुछ दिनों बाद परीक्षा रद्द कर दी थी। अब इसकी पुनर्परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के निर्देश पर परिवहन विभाग ने अभ्यर्थियों के लिए मुफ्त बस सेवा की व्यवस्था की है।
परिवहन मंत्री बिभूति भूषण जेना ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि यह सेवा ओडिशा राज्य सड़क परिवहन निगम (ओएसआरटीसी) और कैपिटल रीजन अर्बन ट्रांसपोर्ट (सीआरयूटी) द्वारा संयुक्त रूप से संचालित की जाएगी।
जेना ने बताया कि राज्य के 134 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा देने वाले अभ्यर्थी नीट (यूजी) का वैध प्रवेश पत्र दिखाकर सरकारी बसों तथा इस उद्देश्य के लिए विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों द्वारा तैनात बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगे।
जेना ने कहा, ‘‘हम अभ्यर्थियों के लिए सुरक्षित, सुविधाजनक और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’
उन्होंने सभी अभ्यर्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, परिवहन सेवा दो चरणों में संचालित होगी। पहले चरण में परीक्षा शुरू होने से पहले अभ्यर्थियों को उनके परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा, जबकि दूसरे चरण में परीक्षा समाप्त होने के बाद उनकी वापसी यात्रा सुनिश्चित की जाएगी।
यह मुफ्त बस सेवा तब तक जारी रहेगी, जब तक सभी अभ्यर्थी अपने-अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच जाते।
भाषा रवि कांत रवि कांत दिलीप
दिलीप