हैदराबाद, 16 जून (भाषा) तेलंगाना के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने सर्वे एवं भूमि अभिलेख विभाग के उपनिदेशक एस. नरहरी राव के आवास तथा उनके रिश्तेदारों और सहयोगियों से जुड़े नौ अन्य ठिकानों पर छापेमारी कर 13.05 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति का पता लगाया।
एसीबी ने राव के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया है।
अधिकारी पर सेवा अवधि के दौरान भ्रष्ट आचरण और संदिग्ध तरीकों से ज्ञात आय के स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है।
एसीबी के अनुसार, तलाशी के दौरान पांच भूखंड, 1.24 एकड़ कृषि भूमि, चार आवासीय फ्लैट और दो इमारतों से संबंधित दस्तावेज मिले। इसके अलावा आरोपी के घर से लगभग 1.54 करोड़ रुपये नकद, 2.29 करोड़ रुपये की बैंक जमा राशि, 5.04 करोड़ रुपये की सावधि जमा (एफडी), करीब 1.3 किलोग्राम सोने के आभूषण, आठ किलोग्राम चांदी और एक कार बरामद की गई।
एसीबी ने बताया कि आरोपी के नाम पर दो लॉकर का भी पता चला है, जिन्हें जांच के दौरान खोला जाएगा।
एजेंसी के अनुसार, बरामद अचल संपत्तियों का बाजार मूल्य दस्तावेजी मूल्य से कई गुना अधिक हो सकता है। मामले की जांच जारी है।
भाषा राखी शफीक
शफीक