Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

झारखंड में राज्यसभा चुनाव से पहले राजग विधायकों को होटल ले जाया गया

(तस्वीरों के साथ)

रांची, 16 जून (भाषा) झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए मतदान से दो दिन पहले राज्य में विपक्षी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के विधायकों को यहां एक होटल में ले जाया गया है। गठबंधन के एक सूत्र ने यह जानकारी दी।

भाजपा नेताओं ने कहा कि विधायक बैठक करेंगे और मतदान प्रक्रिया के बारे में प्रशिक्षण लेंगे।

इस घटनाक्रम पर सत्तारूढ़ दल झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने दावा किया कि राजग को अपने विधायकों पर भरोसा नहीं है।

राज्य में राज्यसभा की दो सीटों के लिए झामुमो उम्मीदवार बैद्यनाथ राम, कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा और भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी चुनाव लड़ रहे हैं।

विजयी होने के लिए एक उम्मीदवार को प्रथम-वरीयता वाला न्यूनतम 28 वोट प्राप्त करना आवश्यक है। राज्य में 18 जून को राज्यसभा का चुनाव है।

झारखंड विधानसभा में ‘इंडिया’ गठबंधन के 56 सदस्य हैं, जिनमें झामुमो के 34, कांग्रेस के 16, राजद के चार और भाकपा (माले) लिबरेशन के दो सदस्य शामिल हैं।

राजग के कुल 24 विधायक हैं, जिनमें भाजपा के 21 तथा लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) पार्टी और जनता दल (यूनाइटेड) के एक-एक विधायक शामिल हैं। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा का भी एक विधायक है।

जब विधानसभा में विपक्ष के नेता बाबू लाल मरांडी से पूछा गया कि क्या विधायक दो दिनों तक होटल में ही रहेंगे, तब उन्होंने कहा, ‘‘हम बैठक करेंगे।’’

पूर्व मुख्यमंत्री ने राज्य की दो राज्यसभा सीटों में से एक पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)-समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी की जीत पर विश्वास जताया।

भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने कहा कि चुनाव की तैयारियों के लिए बैठक और प्रशिक्षण करने का निर्णय सोमवार को राजग विधायक दल की बैठक में लिया गया।

जायसवाल ने पत्रकारों को बताया, ‘‘अगले दो दिनों तक भविष्य की रणनीतियां तय करने के लिए कई बैठकें होंगी। कई नए विधायक हैं। इसलिए, एक प्रशिक्षण कार्यक्रम भी रखा गया है, जिसमें उन्हें चुनाव प्रक्रिया के बारे में प्रशिक्षण दिया जाएगा।’’

खबर लिखे जाने तक राजग के ज़्यादातर विधायक होटल चले गए थे।

झामुमो की राज्यसभा सदस्य महुआ माझी ने कहा, ‘‘राजग के विधायकों को होटल भेजना यह दिखाता है कि भाजपा को उनपर भरोसा नहीं है। इसके उलट, हमारे मुख्यमंत्री (हेमंत सोरेन) ने किसी भी विधायक पर कोई दबाव नहीं डाला, क्योंकि उन्हें उनपर पूरा भरोसा है।’’

सत्तारूढ़ पार्टी के एक विधायक ने कहा कि भाजपा-नीत राजग के पास नाथवानी को चुनाव में विजेता बनाने के लिए विधानसभा में पर्याप्त संख्या बल नहीं है, जब तक कि क्रॉस वोटिंग न हो।

राज्य की एक राज्यसभा सीट झामुमो के सह-संस्थापक शिबू सोरेन के निधन के बाद रिक्त हुई थी। दूसरी सीट भाजपा सदस्य दीपक प्रकाश का कार्यकाल 21 जून को पूरा होने के कारण खाली हो रही है।

भाषा राजकुमार सुरेश

सुरेश