बलरामपुर (उत्तर प्रदेश), 16 जून (भाषा) भारत-नेपाल सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और वन विभाग की संयुक्त टीम ने चंदन तस्करी गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों के पास से चंदन की लकड़ियां बरामद की गई हैं, जिन्हें कथित तौर पर जंगल से काटकर अवैध रूप से ले जाया जा रहा था।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान कानपुर जिले के निवासी सुशील पांडेय और सत्येंद्र तथा कन्नौज जिले के निवासी महेश के रूप में हुई है।
सोहेलवा वन क्षेत्र के बैंकटवा रेंज के रेंज अधिकारी स्त्रोहन लाल ने बताया कि सोमवार को सूचना मिली थी कि चौधरीडीह गांव के पास अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में आवश्यक सरकारी अनुमति के बिना चंदन के पेड़ काटे जा रहे हैं।
सूचना के आधार पर वन विभाग और एसएसबी की 9वीं बटालियन ने चौधरीडीह गांव में एक जांच चौकी स्थापित की।
अभियान के दौरान सिरसिया की ओर से आ रही एक लाल रंग की कार दिखाई दी, जिसके साथ मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति ‘एस्कॉर्ट’ की भूमिका निभा रहे थे।
जब संयुक्त टीम ने वाहनों को रोकने का प्रयास किया, तो संदिग्ध वाहन छोड़कर भागने लगे।
अधिकारियों ने इलाके की घेराबंदी करके तीनों आरोपियों को पकड़ लिया।
कार की तलाशी लेने पर उसमें से चंदन की आठ लकड़ियां बरामद हुईं।
पूछताछ के दौरान आरोपी चंदन की लकड़ी काटने या उसकी ढुलाई से संबंधित कोई वैध अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सके।
इसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया तथा चंदन की लकड़ियां, कार और मोटरसाइकिल जब्त कर बैंकटवा रेंज वन विभाग कार्यालय ले जाया गया।
रेंज अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है। भाषा सं आनन्द जोहेब
जोहेब