(शीर्षक में शब्द ठीक करते हुए)
देहरादून, 16 जून (भाषा) राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा (नीट) की तैयारी कर रही 23-वर्षीय एक युवती ने यहां पटेल नगर स्थित अपने घर में कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मृतका की पहचान रिया कुमारी के रूप में हुई है।
अधिकारियों के अनुसार, पटेल नगर थाने को मंगलवार दोपहर घटना की सूचना मिली। प्रारंभिक जांच में पता चला कि रिया अपने माता-पिता के साथ रहती थी।
सदर क्षेत्राधिकारी (सीओ) अंकित कंडारी ने बताया कि वह रात में पढ़ाई करती थी और आमतौर पर देर से उठती थी।
घटना का पता तब चला जब उसकी मां उसे दोपहर का भोजन करने के लिए बुलाने गईं। दरवाजा नहीं खुलने पर उन्होंने उसके पिता को सूचना दी। इसके बाद परिजनों ने दरवाजा खोला तो रिया फंदे से लटकी मिली।
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से एक कथित 'सुसाइड नोट' (आत्महत्या से पहले लिखा पत्र) भी बरामद हुआ है।
कंडारी ने बताया कि नोट में युवती ने अपने पिता के प्रति स्नेह व्यक्त किया है और अपनी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है। प्रारंभिक जांच में पढ़ाई में अपेक्षित सफलता नहीं मिलने से उपजी निराशा को इस कदम की संभावित वजह माना जा रहा है।
पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर ली है और मामले की जांच की जा रही है।
भाषा राखी सुरेश
सुरेश
सुरेश