कोलकाता, 16 जून (भाषा) तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने मंगलवार को भवानीपुर सीट पर विधानसभा चुनाव परिणाम को चुनौती देते हुए कलकत्ता उच्च न्यायालय के समक्ष चुनाव याचिका दायर की।
भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को इस सीट पर 15,105 वोट से हराया है।
टीएमसी सूत्रों ने कहा कि बनर्जी परिणाम को चुनौती देने वाली याचिका की ‘‘पुष्टि’’ करने के लिए उच्च न्यायालय की रजिस्ट्री गईं।
पूर्व मुख्यमंत्री बनर्जी ने उच्च न्यायालय परिसर से निकलने के दौरान संवाददाताओं के सवालों का जवाब नहीं दिया।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना चार मई को हुई थी।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत के बाद, शुभेंदु अधिकारी राज्य में पार्टी के पहले मुख्यमंत्री बने।
टीएमसी प्रमुख ने 2021 में भवानीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव जीता था। पार्टी विधायक शोभनदेव चट्टोपाध्याय ने बनर्जी के चुनाव लड़ने के लिए यह सीट खाली की थी, क्योंकि उन्हें (बनर्जी) नंदीग्राम सीट पर शुभेंदु अधिकारी ने हरा दिया था।
भाषा
शफीक सुरेश
सुरेश