प्रयागराज, 16 जून (भाषा) प्रयागराज जिले के एक गांव में मंगलवार सुबह एक परिवार के तीन सदस्यों की कथित तौर पर हत्या कर दी गई। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस उपायुक्त (यमुना नगर) विवेक चंद्र यादव ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि मृतकों के सिरों पर चोट के निशान हैं।
उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान श्याम लाल (65), अमरावती (60) और इंद्रावती (60) के रूप में हुई है।
डीसीपी ने कहा कि मृतकों के परिजन ने उनके गांव के निवासी हिमांशु यादव (22) पर हत्या का आरोप लगाया है, जिसके बाद पुलिस ने युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
उन्होंने बताया कि हिमांशु के अलावा उसके दो दोस्तों निहाल गौतम और राजन यादव को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
डीसीपी ने बताया कि मृतक श्याम लाल के छोटे भाई की बेटी नेहा उर्फ प्रिया का आरोपी हिमांशु यादव के साथ प्रेम प्रसंग था जिसका श्याम लाल, अमरावती और इंद्रावती विरोध करते थे। लड़की के पिता की पहले ही मौत हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार फरवरी में लड़की आरोपी के साथ एक दिन के लिए कहीं गई थी, हालांकि तब गांव वालों ने मामला मिल बैठकर सुलझा लिया गया था।
डीसीपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने दावा किया है कि हत्या करने में उसके दो दोस्तों और लड़की ने भी साथ दिया था।
उन्होंने कहा कि हालांकि, लड़की के मोबाइल की सीडीआर आदि से इस दावे की पुष्टि की जाएगी
डीसीपी के अनुसार आरोपी ने बताया कि उसने खूंटे जैसी किसी चीज़ से प्रहार करके हत्या की और उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद किया जाएगा।
डीसीपी ने बताया कि तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
भाषा राजेंद्र
जोहेब
जोहेब